हरियाणा के जिला सिरसा के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन से प्रसव के बाद प्रसूता की मौत से गुस्साए परिजनों ने वीरवार को जमकर हंगामा किया।
परिजनों ने डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए महिला के शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत पर महिला चिकित्सक सहित दो पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
मृतका के पति राजकुमार निवासी भाखड़ा कॉटन मिल ने बताया कि उन्होंने अपनी गर्भवती पत्नी गीता को आठ सितंबर को अस्पताल में दाखिल कराया।
गीता ने सर्जरी से एक बच्ची को जन्म दिया। राजकुमार ने आरोप लगाया कि चिकित्सकों की लापरवाही से सर्जरी के कुछ देर बाद अधिक रक्तस्राव से गीता की हालत बिगड़ गई।
इसके बाद चिकित्सकाें ने उसे हिसार रेफर कर दिया, जहां एक निजी अस्पताल में गीता ने बुधवार रात दम तोड़ दिया। परिजनाें ने आरोप लगाया कि चिकित्सकाें की चूक से अधिक रक्त स्राव हुआ।
वीरवार को मृतका के परिजनों और रिश्तेदारों ने महिला के शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियाें को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे आरोपी डाक्टरों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
थाना शहर प्रभारी दलीप सिंह ने बताया कि राजकुमार की शिकायत पर महिला डॉक्टर स्निगधा खुराना और डॉ. आजाद के खिलाफ आईपीसी की धारा 304ए तथा 34 के तहत केस दर्ज किया गया है।
उधर, अस्पताल के प्रबंधक राजकुमार कामरा ने बताया कि ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत गंभीर होने पर हिसार रेफर किया गया, जहां पर फिर से ऑपरेशन हुआ और बाद में मौत हो गई। उनके अस्पताल में हुए ऑपरेशन के दौरान कोई चूक नहीं बरती गई।