दिल्ली से भागकर हरियाणा के रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पहुंचे दो बच्चों को शुक्रवार को उनके अभिभावकों को सौंप दिया गया। ये बच्चे नौ सितंबर को स्टेशन पर मिले थे। इन्हें निराश्रित बच्चों के केंद्र आस्था कुंज में रखा गया था।
उपायुक्त सीजी रजनी कांथन ने बताया कि दिल्ली से भागकर रेवाड़ी आए दो बच्चों राजा और विपिन को सकुशल उनके अभिभावकों को सौंप दिया गया है। दोनों बच्चे नौ सितंबर को रेवाड़ी पहुंचे थे।
रेलवे सुरक्षा बल को जैसे ही इसका पता चला उन्होंने दोनों बच्चों के मिलने की सूचना उपायुक्त को दी। इसके बाद बच्चों को आस्था कुंज में रखा गया। आस्था कुंज के कर्मचारियों ने बच्चों से पूछताछ की तो एक बच्चे ने अपना ननिहाल गांव गौगमड तहसील गौरीगंज जिला सुल्तानपुर उत्तरप्रदेश बताया।
सुल्तानपुर पुलिस प्रशासन के माध्यम से जांच पड़ताल कर बच्चों के दिल्ली में रहने वाले अभिभावकों से संपर्क किया गया। बाल कल्याण समिति के आदेशानुसार दोनों बच्चों को उनके अभिभावकों को सौंप दिया गया।
इस दौरान जिला बाल कल्याण अधिकारी प्रेम यादव, नलिनी यादव, अजमेर सिंह गोदारा, सुभाष यादव, मुग्धा यादव मौजूद थे।