पानीपत। मॉडल टाउन में एक दंपती ने अपने बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल के लिए दिल्ली की एक समिति के माध्यम से एक महिला को रखा था। जो 11 माह बाद ही घर से तीन किलो चांदी के बर्तन लेकर फरार हो गई। दंपती ने आरोपी महिला के खिलाफ थाना मॉडल टाउन में केस दर्ज कराया है।
मॉडल टाउन निवासी राजेश गुप्ता ने बताया कि उन्होंने दिल्ली स्थित कलावती महिला सेवा समिति के माध्यम से बुजुर्ग माता पिता की सेवा करने के लिए झारखंड के जिले गुमला के गांव सतबदी निवासी सुमन पत्नी जगेश्वर को रखा था। बीते साल 19 अगस्त को सुमन के साथ एक साल का कांट्रेक्ट किया था। वह उनके घर पर ही रहती थी। 11 माह बीतने पर 21 जुलाई को सुबह सवा छह सुमन उनके घर से चांदी के पांच गिलास, एक गड़वी, जिनका कुल वजह करीब तीन किलो है, लेकर फरार हो गई। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में वह चोरी का सामान ले जाती दिख रही है। बाहर के कैमरे में वह दीवार फांदकर भागती दिखी। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर योगेश कुमार का ने बताया कि केस दर्ज कर महिला की तलाश की जा रही है।