आठ मरला क्षेत्र में घर में गर्भपात कराते हुए करनाल और पानीपत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक पूर्व स्टाफ नर्स को रंगे हाथ पकड़ा है। टीम ने शनिवार को एक महिला को फर्जी ग्राहक बनाकर पूर्व स्टाफ नर्स के पास भेजा और धर दबोचा। टीम ने उसके घर से गर्भपात में इस्तेमाल होने वाले औजार, ग्लूकोज की बोतलें, सीरिंज और दवाएं बरामद की हैं। स्वास्थ्य विभाग ने आरोपी स्टाफ नर्स के खिलाफ मॉडल टाउन थाना पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी पूर्व स्टाफ नर्स को केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें-
हरियाणा: म्हारे चार लाडले बने खेल रत्न, आठ को अर्जुन तो चार को गुरु द्रोणाचार्य पुरस्कार
करनाल स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि पानीपत के आठ मरला में एक स्टाफ नर्स अपने घर में गर्भपात कराती है। करनाल की टीम ने इसी सप्ताह एक गर्भवती महिला को फर्जी ग्राहक बनाया। ग्राहक ने पूर्व स्टाफ नर्स वीरा देवी पत्नी जीत सिंह निवासी आठ मरला से संपर्क किया। महिला ने वीरा देवी को बताया कि वह पांच माह की गर्भवती है और गर्भपात कराना है। वीरा देवी ने उससे गर्भपात के बदले 13 हजार रुपये मांगे और शनिवार को बुलाया।
करनाल की टीम ने फर्जी ग्राहक को 10 हजार रुपये दिए और पहचान के लिए नोटों पर हस्ताक्षर किए गए। पानीपत पहुंचने पर करनाल की टीम ने पानीपत पीएनडीटी टीम के इंचार्ज डॉ. अमित कुमार को इसकी सूचना दी। डॉ. अमित और डॉ. रजत आठ मरला में पहुंचे। इस दौरान दोनों जिलों की टीम आठ मरला चौक पर खड़ी रही। टीम ने फर्जी ग्राहक को स्टाफ नर्स वीरा के घर भेज दिया।
ये भी पढ़ें-
हरियाणा: गृह मंत्री अनिल विज का बड़ा बयान-डेंगू मरीजों का मुफ्त इलाज कर रहे, किट की प्रदेश में कमी नहीं
वीरा ने कबूला 10 साल से कर रही है गर्भपात
स्टाफ नर्स वीरा ने महिला के गर्भपात की प्रक्रिया शुरू कर दी। इस दौरान महिला वीरा देवी को ये कहकर घर से बाहर निकल आई कि वह बाकी के तीन हजार रुपये लेकर आती है। बाहर निकलते ही महिला ने स्वास्थ्य विभाग की टीमों को इशारा कर दिया। टीम ने वीरा देवी को रंगे हाथ पकड़ लिया। इस दौरान उसने हाथों में सर्जिकल दस्ताने भी पहने हुए थे। यहां जांच करने में पुराने खून से सने कपड़े, ग्लूकोज, दवा और सीरिंज भी मिले। डॉक्टरों की पूछताछ में ये सामने आया कि वीरा देवी 10 साल पहले निजी अस्पताल से रिटायर हो गई थी। वो घर पर पैसे कमाने के लिए गर्भपात कर रही थी। गर्भपात के लिए वो 10-15 हजार रुपये लेती थी।
ये भी पढ़ें-
बेखौफ बदमाश: स्कूटी सवारों ने थाने से एक किमी दूर दो युवकों को गोलियां मारीं, फिर राहगीर से कार लूटकर हुए फरार
करनाल व पानीपत स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने स्टाफ नर्स के खिलाफ कार्रवाई की है। रिटायरमेंट के बाद से ही स्टाफ नर्स गर्भपात कर रही थी। उसके पास से दवा, ग्लूकोज, सीरिंज व खून से सने कपड़े मिले हैं। उसके खिलाफ मॉडल टाउन थाना पुलिस में शिकायत दी गई। पुलिस ने उस पर केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने स्टाफ नर्स वीरा को पुलिस के हवाले कर दिया है।
-डॉ. अमित कुमार, पीएनडीजी इंचार्ज, पानीपत