पानीपत। लुधियाना के हैंडलूम कारोबारी रमन सेठी की 27 जून को हत्या करने वाले तीनों आरोपियों को चार दिन की पुलिस रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया। आरोपियों के कब्जे से मृतक का पर्स, जला हुआ डेबिट कार्ड, वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा और आठ बोतल शराब बरामद की गई है। पुलिस ने इन तीन आरोपियों के अलावा आरोपी अभिषेक की मां संतोष को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आरोपी ने लूट की राशि में से 17 हजार रुपये अपनी मां को दिए थे, जिससे मां ने गिरवी रखे जेवरात छुड़ाए थे।
हरिनगर निवासी आरोपी अभिषेक ने पुलिस पूछताछ में बताया कि दोस्ती चंदन व जिसान उसके दोस्त हैं। 27 जून को वह शराब पीने के लिए बस अड्डे गए, जहां पर उसे लुधियाना निवासी रमन सेठी मिला। जो टोल-प्लाजा जाने के लिए उनकी रिक्शा में बैठ गया। रास्ते में उनकी शराब पीने के बारे में बातचीत हुई। चारों ने टोल प्लाजा से आगे बाबे पर बैठ कर शराब पी। इसके बाद वह वापस स्काईलार्क आ गए। रमन सेठी ने वहां पर एटीएम से 500 रुपये निकाले, उस उन्होंने पासवर्ड देख लिया था। रमन के खाते में एक लाख से अधिक रुपये होने पर उन्होंने हत्या का प्लान बनाया। वह रमन को सेक्टर छह की तरफ ले गए, जहां पर अधिक शराब पिलाकर उसकी हत्या कर दी और दिल्ली पैरलल नहर में उसका शव फेंक दिया। रमन सेठी के डेबिट कार्ड और फोन निकाल लिए। उन्होंने खाते से करीब 70 हजार रुपये निकाले और शराब का सेवन व मौज मस्ती की। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी अभिषेक, चंदन व जिसान को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।