पानीपत। बरसत रोड चुंग्गी पर महिला पर्स छीनकर भाग रहे बाइक सवार दो युवकों को एक युवक ने रेहड़ी अड़ाकर गिरा दिया। इसके बाद भीड़ ने इकट्ठा होकर दोनों युवकों की जमकर धुनाई की। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। भीड़ ने दोनों आरोपियों को पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
अंसल गेट नंबर एक निवासी एक महिला ने बताया कि वह शुक्रवार शाम पांच बजे ई रिक्शा में बैठकर बच्चे को दवाई दिलाने के लिए जा रही थी। जब वह बरसत रोड चुंग्गी के पास पहुंची तो पीछे से बाइक पर सवार होकर दो युवक आए और पीछे बैठे युवक ने पर्स छीनने का प्रयास किया। आरोपी भागने लगे तो स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और आरोपियों के कब्जे से पर्स छीनकर उन्हें लौटा दिया। आरोपियों ने बचाव में कहा कि उन्होंने पर्स चोरी नहीं किया, उन्हें फंसाया जा रहा है। इस बीच भीड़ ने उनकी जमकर धुनाई कर दी। इसी बीच उन्होंने डायल 112 पर कॉल किया और पुलिस को आरोपी पकड़ने की सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शी सुनील ने बताया कि महिला ई-रिक्शा में जा रही थी। इसी बीच रॉन्ग साइड से आ रहे आरोपियों ने महिला का पर्स छीनने का प्रयास किया और भागने लगे। इसी बीच उन्होंने रेहड़ी अड़ा दी। वहीं दूसरी तरफ से स्कोरपियो गाड़ी आ गई। आरोपी पहले रेहड़ी में टकराए और उसके बाद डिवाइडर से टकराकर गिर गए और भीड़ ने उन्हें पकड़ लिया। आरोपी खुद को बरसत के रहने वाले बता रहे है।
भीड़ ने मौके पर पहुंची डॉयल 112 की टीम में एएसआई अनिल कुमार और एक सिपाही ने दोनों युवकों को सौंप दिया। एएसआई अनिल कुमार का कहना है कि आरोपी युवकों की बाइक भी बरामद कर ली गई है, मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है, दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है।