पानीपत। इस दिवाली नगर निगम शहर को जगमग करने जा रहा है। नई ब्रांडेड एलईडी स्ट्रीट लाइट इंस्टॉलेशन का काम करीब 80 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। बाकी की 20 प्रतिशत लाइट निगम अब जनप्रतिनिधियों की मर्जी से उनकी दी गई लोकेशन पर लगवाएगा। वहीं, सांसद के कोटे कई 500 लाइट भी अब पार्षदों की बांटी जा चुकी हैं। इनको भी पार्षदों की सहमति से ही इंस्टॉल करवाया जाएगा। कुल मिलाकर पिछले एक साल से चल रहा नई लाइट का प्रकरण अब पूरा होने जा रहा है। जिस पर शहरवासियों समेत जनप्रतिनिधियों ने भी राहत की सांस ली है।
बता दें कि नगर निगम ने करीब दो करोड़ रुपये से 9800 नई ब्रांडेड एलईडी स्ट्रीट लाइट खरीदी थी। इनको लगवाने के लिए करीब सवा दो करोड़ रुपये का टेंडर भी जारी किया था। इसके बाद भी पिछले करीब एक साल से इन लाइटों की इंस्टालेशन की प्रक्रिया बेहद धीमी चल रही थी। कभी एजेंसी को सामान नहीं मिल रहा था तो कभी मैनपावर टीम न मिलने से काम धीमा हो गया था।
सांसद की 500 लाइट भी 29 पार्षदों की मर्जी से लगेंगी
नगर निगम ने सभी 26 वार्डों के लिए प्रति वार्ड 300 लाइट खरीदी थी। इनके अलावा सांसद, शहरी और ग्रामीण विधायक व मेयर के लिए 500-500 लाइट रिजर्व की थी। नगर निगम सदन की बैठक में मौजूद सांसद संजय भाटिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि उनके कोटे की 500 लाइट भी पार्षदों में बांट दी जाए। अब 26 वार्डों के 26 पार्षद सदन में मौजूद थे। इसके अलावा तीन मनोनीत पार्षद भी थे। इस हिसाब से कुल 29 पार्षदों में 500 लाइट का वितरण होगा। हर पार्षद के हिस्से में सांसद कोटे की 500 लाइट में से 17 लाइट ही आएंगी। इनको निगम पार्षदों की रजामंदी के बाद ही उनके वार्डों में लगवाने का काम करेगा।
80 प्रतिशत पूरा, अब पार्षदों की मर्जी बाकी : निगम
नगर निगम की इलेक्ट्रीकल विंग ने शहर के सभी 26 वार्डों में करीब 80 प्रतिशत लाइट को इंस्टॉल करवा दिया है। शहरवासियों को इस दिवाली पर नई लाइट की रोशनी मिल पाएगी। बाकी की बची हुई लाइटों के लिए पार्षदों से लोकेशन मांगी जा रही है। उनके सुझाए स्थानों पर ही बाकी लाइट लगाई जाएंगी।
- गौरव सोनी, जेई, इलेक्ट्रीकल विंग, नगर निगम, पानीपत।