पानीपत। असंध रोड पर दो बदमाशों ने अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे मां-बेटे की कार के सामने ज्वलनशील पदार्थ फेंका। फिर गाड़ी रुकवाकर और बैग चोरी कर लिया। दरअसल, बदमाशों ने उनसे कार से धुआं निकलने की बात कही थी। बैग में 2500 रुपये व मोबाइल सेट था। पीड़ित की शिकायत पर मामले में पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मॉडल टाउन थाना पुलिस को दी शिकायत में दीपक शर्मा ने बताया कि वह 30 फेस-2 विवेक विहार रुड़की रोड मेरठ यूपी का रहने वाला है। पेशे से मेडिकल स्टोर संचालक है। पिता यूपी पुलिस से रिटायर्ड डीएसपी हैं। चार अप्रैल को वह अपनी मां के साथ चाचा के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मेरठ से पानीपत हरिबाग कॉलोनी जा रहा था। असंध पुल से आगे रामलाल चौक तक जाम लगा हुआ था। रामलाल चौक पार कर दोपहर करीब साढ़े 12 बजे असंध रोड की आगे बढ़े।
इसी दौरान एक बाइक पर दो युवक आए, जो उसकी बलेनो गाड़ी के आगे चल रहे थे। उन्होंने इशारा किया कि आपकी गाड़ी से धुआं निकल रहा है। इशारा पाने के बाद वह अपनी मां के साथ गाड़ी से नीचे उतर गया। उसने गाड़ी को साइड में रोककर बोनट खोला तो देखा कि वहां कुछ भी नहीं था। करीब पांच मिनट गाड़ी की जांच करने के बाद वह वापस गाड़ी में आए तो देखा कि गाड़ी से उसका बैग चोरी हो चुका था। बैग में 2500 रुपये की नकदी, एक मोबाइल फोन व कुछ कपड़े थे। शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।