हरियाणा के पानीपत जिले से अब उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले तक जाने के लिए अब जल्द ही रेलवे लाइन बिछाए जाएगी। उत्तर रेलवे ने इस प्रोजेक्ट की डीपीआर को फाइनल कर दिया है। ये प्रोजेक्ट 3540.57 करोड़ रुपये का होगा, जो पानीपत के दीवाना स्टेशन से मेरठ के दरौला तक जाएगा।
यह भी पढ़ें ः भिवानी: एचटेट देने गई अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र की बिल्डिंग से गिरी, छात्राओं ने बताया- सामने से आ गए थे बंदर, डरकर भागने से हुई घटना
ये रेलवे लाइन दीवाना से दौराला तक के 13 स्टेशनों को जोड़ेगी। इसके बीच में दिल्ली सहरानपुर के दो जंक्शन भी क्रॉस होंगे। इस प्रोजेक्ट की तय सीमा साढ़े पांच साल रखी गई है।
यहां से शुरू होकर यहां तक जाएगी लाइन
ये रेलवे लाइन पानीपत के दीवाना स्टेशन से शुरू होकर शिमला गुजरान, बापौली से होते हुए यूपी के तितरवाड़, घंघेरू, ऐलम, गढ़ी राजपुर, जौला, बुढ़ाना, मलहेड़ा, सरढ़ाना और दौराला तक जाएगी। इसमें पानीपत जिले के तीन स्टेशन और यूपी के आठ स्टेशन शामिल किए जाएंगे। इनमें दौराला और एलाम ऐसे स्टेशन होंगे जहां पर जंक्शन होगा। यहां से दिल्ली सहारनपुर के लोग दूसरी ट्रेन बदल सकेंगे। वहीं, अभी तक पानीपत जिले के शिमला गुजरान और बापौली में भी कोई स्टेशन नहीं था। इस प्रोजेक्ट के चलते यहां भी स्टेशन बनाए जाएंगे।
पहले शामली या सोनीपत से जाना पड़ता था मेरठ
पानीपत जिले और मेरठ वासियों को आने जाने के लिए या तो यूपी के शामली से या सोनीपत के बहालगढ़ से घूम कर रोड के माध्यम से आना जाना पड़ता था। रेल से मेरठ आने जाने के लिए या तो दिल्ली जंक्शन या फिर अंबाला जंक्शन से ट्रेन मिलती थी। जिससे रोड का सफर भी लंबा और मुश्किलों भरा था। वहीं, रेल का सफर तो बहुत ज्यादा लंबा होता था। अब ये रेलवे लाइन प्रोजेक्ट इन दोनों रास्तों के बीच से निकाला गया एक रास्ता है। इससे सफर काफी आरामदायक और कम होगा। इस प्रोजेक्ट से दोनों शहरों के लोग महज दो घंटे की दूरी में ही आ जा सकेंगे।