पानीपत। गांव दीवाना के एक किसान की कनपटी पर पिस्तौल तानकर एक आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। किसान ट्रॉली में गन्ना भरकर शुगर मिल जा रहा था, रास्ते में आरोपी कार में सवार होकर आया और रास्ता रोक लिया। किसान का कहना है कि आरोपी ने उस पर पिस्तौल की बट से भी हमला किया था। सेक्टर 29 थाना पुलिस ने किसान की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव दीवाना निवासी प्रवीन ने बताया कि गांव के ही रहने वाले विकास के साथ उसका विवाद चलता आ रहा है। आरोप लगाया कि इसी वजह से विकास उनसे रंजिश रखता था। रविवार रात नौ बजे ट्रॉली में वह गन्ने भरकर शुगर मिल की तरफ जा रहे थे। जब वह आंगनबाड़ी टंकी नंबर दो के पास पहुंचा तो सामने से विकास कार में सवार हो आया।
उसने ट्रैक्टर साइड में करते हुए विकास को जाने का रास्ता दिया, लेकिन विकास गाड़ी लेकर ट्रैक्टर के पास आया और शीशा नीचे कर गाली-गलौज करने लगा। उसने विरोध किया तो विकास गाड़ी से नीचे उतरकर आया और उसकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी। विकास ने कहा- ‘‘ठीक से रह ले, वरना जान से मार दूंगा।’’ इसके बाद आरोपी ने उसके माथे और हाथ पर पिस्तौल की बट मारी और फरार हो गया। पीड़ित ने थाना प्रभारी से जान माल की सुरक्षा की मांग की है। पीड़ित किसान की शिकायत पर सेक्टर 29 थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।