पानीपत।दिल्ली पैरलल नहरों में होने वाले सड़क हादसों पर अब काफी हद तक अंकुश लग सकेगा। यहां होने वाले हादसों में नहर में डूबने से होने वाली मौतों के आंकड़ों में भी गिरावट होगी। पीडब्लयूडी विभाग यहां करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से सवा 3 किलोमीटर एरिया में क्रैश बैरियर लगवाने जा रहा है। ये क्रैश बैरियर गोहाना रोड से लेकर नहरों के साथ साथ गांव सिवाह और डाहर की तरफ जाने वाले रास्ते तक लगाए जाएंगे। हालांकि इसका टेंडर पहले लगा दिया गया था जिसका वर्क ऑर्डर अब जारी किया गया है।
बता दें कि इन दोनों नहरों में हादसों की वजह से करीब 12 लोग अपनी जान गवां चुके थे। सुरक्षा के नजरिए से यहां क्रैश बैरियरों की काफी जरूरत थी। समस्या पर आधारित खबरों को अमर उजाला में कई बार प्रमुखता से प्रकाशित किया गया। जिसके बाद विभाग ने यहां टेंडर लगाया। टेक्निकल और फाइनेंसियल बिड खुलने के बाद टेंडर का वर्क आर्डर जारी किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि अब यहां जल्द ही काम शुरू करवा दिया जाएगा।
इसी एरिया में होते थे ज्यादातर हादसे-
गोहाना रोड से लेकर गांव डाहर तक जाने वाले नहरी बाईपास पर ही सबसे ज्यादा हादसे होते थे। जिसके कारण यहां टूटा हुआ रोड भी था। वहीं, लाइटों की समस्या होने के कारण भी रात के समय वाहन ओवरटेक लेने के चक्कर में नहर में गिर जाते थे। अब तक यहां करीब 12 लोग अपनी जान ऐसे ही हुए हादसों में गंवा चुके हैं। एक बार एक महिला वकील ने भी विभाग से आरटीआई लगाकर इसकी जानकारी मांगी थी।
वर्जन-
वर्क ऑर्डर जारी, जल्द शुरू होगा काम- एसडीओ
पीडब्यलूडी विभाग ने गोहाना रोड से लेकर गांव सिवाह तक नहर के साथ जाने वाले रास्ते पर क्रैश बैरियर लगाने का टेंडर लगाया था। इसका वर्क ऑर्डर जारी किया गया है। अब जल्द ही काम शुरू करवा दिया जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर करीब 2 करोड़ खर्च होंगे। इससे यहां होने वाले हादसों पर अंकुश लग सकेगा।
रामपाल जागलान, एसडीओ, पीडब्यलूडी, पानीपत।