टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के बाद अब मेजर ध्यानचंद खेल रत्न के लिए नाम की घोषणा के साथ नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर पानीपत का नाम रोशन किया है। नीरज ने खेल रत्न के लिए धन्यवाद दिया और अपने अगले लक्ष्य की तैयारी में जुट गए हैं। उनका अगला लक्ष्य वर्ल्ड चैंपियनशिप है, जिसके लिए वह पटियाला पहुंच चुके हैं और अपनी तैयारी शुरू कर दी है। यह पहली बार है, जब पानीपत के किसी खिलाड़ी को खेल रत्न से नवाजा जा रहा है।
वर्ल्ड चैंपियनशिप में नए रिकार्ड के साथ नीरज देश का नाम रोशन करें। खेल रत्न मिलने जा रहा है, यह पूरे पानीपत के खिलाड़ियों के लिए खुशी की बात है। पानीपत में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों के लिए नीरज नजीर बन गए हैं। उम्मीद है कि नीरज 2022 में अपना नया रिकार्ड बनाएगा। - जितेंद्र जागलान, एथलेटिक्स कोच, शिवाजी स्टेडियम
पूरे परिवार में खुशी का माहौल है कि नीरज को खेल रत्न के लिए चुना गया है। खुशी दोगुनी होगी जब नीरज को खेल रत्न से सम्मानित होते देखेंगे। नीरज ने आने वाली खेल प्रतियोगिताओं के लिए पटियाला में फिर से तैयारी शुरू कर दी है। - सुरेंद्र चोपड़ा, नीरज के चाचा