अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह के दो सदस्यों को सीआईए-2 ने गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 11 बाइक बरामद हुई हैं। दो में से एक आरोपी साहिल उर्फ चौटाला से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह नशे की लत और शौक पूरे करने के लिए बाइक चोरी करता था। रुपयों की जरूरत पड़ने पर पांच से छह हजार रुपये में बेच देता था।
सीआईए-2 प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार को चौटाला रोड पर गोशाला के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक सप्लेंडर बाइक सवार सिवाह की तरफ से आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर उसने भगाने का प्रयास किया। टीम ने साहिल उर्फ चौटाला निवासी कुराड़ को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बाइक को फरवरी में सनौली रोड पर आरएम आनंद अस्पताल के बाहर से चोरी करना कबूल किया। साथ ही उसने 10 अन्य बाइक चोरी करना भी कबूल किया। आरोपी ने बताया कि वह सभी बाइक को उत्तर प्रदेश के मुज्जफरनगर में राजपुर गढ़ी निवासी रविंद्र को 5-6 हजार रुपये में बाइक बेच देता था। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर रविंद्र को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर 10 बाइक बरामद हुई।
स्पेयर पार्ट को निकालकर दूसरी बाइकों मे डाल कमाते थे मुनाफा
आरोपी रविंद्र की शामली क्षेत्र के ऐलम में बाइक मैकेनिक की दुकान है। वह चोरी की बाइकों से स्पेयर पार्ट निकालता था और दूसरी बाइकों में डालकर मुनाफा कमाता था। चोरी की सभी बाइक बरामद कर उन्हें वीरवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
बाइक चोरी की इन वारदातों का खुलासा
फरवरी में सनौली रोड पर आरएम आनंद अस्पताल के बाहर से सलाम निवासी देशराज कॉलोनी की सप्लेंडर बाइक चोरी की।
उग्राखेड़ी मोड़ पर स्थित शराब ठेके के पास से अक्षय निवासी शिवनगर की सप्लेंडर बाइक चोरी की।
छोटू राम चौक के पास पीर वाली गली में एक दुकान के सामने से उमेश निवासी न्यू दलबीर नगर की सप्लेंडर बाइक चोरी की।
हरियाणा ग्रामीण बैंक के बाहर से विजय पाल निवासी शांति कॉलोनी की सप्लेंडर बाइक चोरी की।
भीम गौडा चौक के पास से गौरव निवासी सैनी कॉलोनी की सप्लेंडर बाइक चोरी की।
भारत नगर में अनिल निवासी उंटला की सप्लेंडर बाइक चोरी की।
सनौली खुर्द में घर के बाहर से महेश निवासी सनौली खुर्द की सप्लेंडर बाइक चोरी की।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि 4 बाइक नशे की हालत में विभिन्न स्थानों से चोरी किया था। मालिक की पहचान न होने पर चोरी की बाइक को 102 सीआरपीसी के तहत पुलिस ने कब्जे में लिया है।