पानीपत। आर्थिक तंगी से गुजर रहा हरियाणा शहरी विभाग प्राधिकरण अपने हालत को सुधारने के लिए अब संपत्ति बेच रहा है। संपत्ति बेचकर करीब एक हजार करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य है। विभाग अब तक 300 करोड़ की भूमि बेच चुका है और बाकी 700 करोड़ के लिए भूखंडों की बोली लगाने की तैयारी है। आवासीय भूखंडों के लिए 6 सितंबर और स्कूल, पॉलीक्लीनिक व नर्सिंग साइट के लिए 10-11 सितंबर को बोली लगाई जाएगी। इसकी शुरुआत सुबह 10 बजे से शुरू होगी।
लोग भूमि को खरीदने में रुचि दिखाए इसलिए भूखंडों को कलेक्टर रेट पर बेचा जा रहा हैं। विभाग सितंबर में लगभग 40 करोड़ की संपति बेच रहा है। फिलहाल लोगों की पहली पसंद सेक्टर 13-17 है, क्योंकि यहां पर मूलभूत सुविधाएं दूसरे सेक्टर की तुलना में बेहतर हैं। एचएसवीपी आवासीय के साथ ही व्यावसायिक भूखंडों की बोली लगा रहा है। छह सितंबर को सेक्टर 13-17 और सेक्टर-24 में चार आवासीय भूखंडों की बोली होगी। भूखंड खरीदने के इच्छुक चार सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे। गत छह अगस्त को सेक्टर-24 सहित सभी सेक्टरों में प्रारंभिक कीमत से दोगुने पर भूखंड बिके थे, इस बार कलेक्टर रेट ही होंगे।
इसके साथ ही 10 सितंबर को सेक्टर-7 में पॉलीक्लीनिक साइट और नर्सिंग साइट की बोली होगी। पॉली क्लीनिक साइट का भूखंड 4048 वर्ग गज में है। इसका आधार मूल्य 95132300 रुपये और सेक्टर 13-17 स्थित 421 वर्ग गज की नर्सिंग साइट का आधार मूल्य 9895400 रुपये निर्धारित किया गया है। 11 सितंबर को सेक्टर-40 में 5473 वर्ग गज के भूखंड नंबर 270- पी का आधार मूल्य 128622100 रुपये निर्धरित किया गया है। ये स्कूल की साइट है।