मुजफ्फरनगर की महापंचायत के बाद मंगलवार को जिले के किसान करनाल में हो रही किसान महापंचायत में शामिल होंगे। बसताड़ा टोल पर हुए लाठीचार्ज के कारण दूसरी महापंचायत करनाल में रखी गई है। महापंचायत में शामिल होने के लिए सोमवार को जिला प्रधानों ने कमेटियों के साथ बैठक की। सुबह नौ बजे किसान पानीपत टोल प्लाजा से करनाल के लिए रवाना होंगे
मुजफ्फरनगर महापंचायत से सोमवार को जिले के सभी किसान पानीपत आ गए। जिसके बाद किसानों ने करनाल महापंचायत में शामिल होने की रणनीति तैयार की। जिले से करीब तीन हजार लोग करनाल महापंचायत में शामिल होंगे। गांव नांगल खेड़ी के किसान संजीव कुमार ने बताया कि वे थके नहीं है। कोई भी किसान थका नहीं है। रविवार की शाम ही सभी किसान पानीपत लौट आए थे और मंगलवार को करनाल महापंचायत में जाने की तैयारियों में जुट गए। उन्होंने कहा कि जब मांगें पूरी हो जाएंगी, तब भी आराम करेंगे।
भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी गुट के जिलाध्यक्ष सुधीर जाखड़ ने बताया कि मतलौडा हलके में जिला सचिव महासिचव राजेंद्र दहिया एवं नरसी बेनीवाल, इसराना हलके में जिला उपप्रधान रामसिंह कुंडू और राजरूप फौजी, पानीपत ग्रामीण हलके में नदीम गुज्जर डाडोला और मोहित मलिक निंबरी, समालखा हलके में रामबीर झट्टीपुर और रोहित खालसा, पानीपत शहर हलके में पूर्व बार सचिव गुरविंदर विर्क और होशियार पान्नु की जिम्मेदारी लगाई गई है। किसानों को एकजुट करने के लिए भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी गुट ने सोमवार को गांवों में मुनादी करके किसानों को महापंचायत होने की जानकारी दी।