गांव नारा के बस अड्डे पर एक डंपर ने कार से जा रहे परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौत हो गई जबकि पत्नी एवं दो बच्चे घायल हो गए। डंपर चालक मौके से फरार हो गया। लोगों ने घायलों को सिविल अस्पताल भिजवाया, जहां से डॉक्टरों ने इन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। मतलौडा थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को दे दिया है। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मतलौडा थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव नारा निवासी सतबीर ने बताया कि उनका चचेरा भाई रामफल अपनी पत्नी रेखा, दो वर्षीय के बेटे आदित्य एवं बेटी शिवाली को लेकर गांव सींक में रिश्तेदारों से मिलने गया था। वीरवार की रात 11 बजे गांव नारा के बस अड्डे पर मतलौडा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। चालक टक्कर मारकर डंपर मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सतबीर ने बताया कि हादसे के वक्त वह गांव के अड्डे पर मौजूद था। टक्कर लगते ही कार में रामफल, रेखा, आदित्य और शिवानी फंस गए। लोगों की मदद से मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला और सिविल अस्पताल में भिजवाया। डॉक्टरों ने रामफल को मृत घोषित कर दिया। रेखा, आदित्य और शिवानी की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस कहना है कि डंपर चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।