सीआईए वन ने जीटी रोड पर गांव बाबरपुर के पास से मादक पदार्थों की तस्कर करने वाले व्यक्ति को 930 ग्राम चरस समेत गिरफ्तार किया है। आरोपी हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है और शहर में चरस बेचने आया था।
सीआईए-वन प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि वीरवार को उनकी टीम सेक्टर 18 में गश्त कर रही थी। इस दौरान उन्हें सूचना मिली थी कि बाबरपुर की ओर से एक युवक पैदल जीटी रोड पर आ रहा है। उसके पास मादक पदार्थ है। सूचना पर टीम जीटी रोड पर पहुंची। इस दौरान पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा। टीम ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान गांव विजल, जिला कुल्लू , हिमाचल प्रदेश निवासी तेजराम के रूप में हुई। उसके पास एक पॉलीथिन में 930 ग्राम चरस मिली। आरोपी यहां पर राहगीरों को मादक पदार्थ बेचने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी तेजराम को आठ दिन के रिमांड पर लिया है।