उत्तराखंड एसटीएफ ने हरियाणा के गांव शाहपुर में छापा मारकर एक साल से फरार चल रहे इनामी चोर को पकड़ लिया है। आरोपी पर पुलिस ने पांच हजार का इनाम घोषित किया था। वह उत्तराखंड में लग्जरी गाड़ियों की चोरी करता था। पुसि के मुताबिक, उसने गाड़ियों को चोरी करने के लिए चीन से एक सॉफ्टवेयर भी खरीदा था।
एसटीएफ टीम के उप निरीक्षक उमेश कुमार ने बताया कि वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए उत्तराखंड पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है। थाना हरिद्वार क्षेत्र के अंतर्गत देवरपुरा से पिछले साल अप्रैल माह में एक फॉर्च्यूनर कार चोरी हो गई थी। इसके संबंध में थाना में 29 अप्रैल, 2021 को केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस केस में वाहन चोर गिरोह से जुड़े जलाल, अजरूदीन, अब्दुल मजीद व नीरज को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था, जबकि इस गैंग का एक सदस्य अंकित लगातार फरार चल रहा था।
उन्हें सूचना मिली थी कि आरोपी अंकित पिछले काफी समय से इसराना क्षेत्र में छुपकर रह रहा है। प्रभारी स्पेशल टास्क फोर्स, उत्तराखंड ने कांस्टेबल अनूप भाटी, कांस्टेबल संजय कुमार व कांस्टेबल देवेंद्र की टीम बनाई गई, जिसे आरोपी के गिरफ्तारी के लिए पानीपत भेजा गया।
टीम ने इसराना थाना पहुंचकर स्थानीय पुलिस से सहयोग मांगा। दोनों पुलिस टीमों ने संयुक्त तौर पर कार्रवाई करते हुए 5000 रुपये के इनामी बदमाश अंकित को गांव शाहपुर थाना इसराना जिला पानीपत से गिरफ्तार कर लिया। अंकित ने पूछताछ में बताया कि उसका गैंग केवल फॉर्च्यूनर गाड़ी ही चोरी करता है। उनके गैंग ने गाड़ी के लॉक को तोड़ने के लिए एक सॉफ्टवेयर, जिसकी कीमत ढाई लाख रुपये है। यह भी बताया कि वे गाड़ी चोरी करके राजस्थान के मेवात में में बेच देते थे।