पानीपत मॉडल टाउन के विराट नगर निवासी एक कपड़ा व्यापारी से कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और काला जठेड़ी के नाम पर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। बदमाश ने सोमवार दोपहर तक का समय दिया है। समय पर पैसे न देने पर बदमाश ने परिवार समेत कपड़ा व्यापारी को जान से मारने की धमकी दी है। कपड़ा व्यापारी की शिकायत पर मॉडल टाउन थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
विराट नगर निवासी संदीप गोयल ने बताया कि वह गांव आसन कला में कपड़ा बुनने का व्यापार करता है। रविवार को उसके नंबर पर धमकी भरी कॉल आई। बदमाशों ने उससे 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। उसने बदमाश को मिलकर बात करने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया और कहा कि 27 जून दोपहर 12 बजे कॉल करेंगे, तब तक रुपयों का इंतजाम कर लेना। रुपये न देने और पुलिस में शिकायत देने पर उसे अंजाम भुगतना होगा। वह पूरे परिवार को जान से मार देंगे। उसने नाम पूछा तो बदमाश ने अपना नाम काला जेठड़ी और लॉरेंस बिश्नोई बताया।
12 नंबर से आई दो बार कॉल
पीड़ित ने बताया कि बदमाश ने रविवार को दो बार 12 अंक वाले नंबर 977980482183 से कॉल आई। पहली शाम सुबह 7 बजकर 20 मिनट पर और दूसरी 7 बजकर 27 मिनट पर आई थी। यह विदेशी नंबर हो सकता है, इसके अलावा ऐसा नंबर एप्लिकेशन से भी जनरेट हो रहे हैं।
पांच टीम गठित, परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई
मामले को गंभीरता से लेते हुए कपड़ा व्यापारी और उसके परिवार को पुलिस की तरफ से सुरक्षा मुहैया करा दी गई है। डीएसपी के नेतृत्व में मॉडल टाउन थाना, तीनों सीआईए और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई है। पुलिस हर पहलू पर गहनता से जांच कर रही है।