पूर्व मंत्री वेद सिंह मलिक के पुत्र एवं कनीना के थाना प्रभारी विजय मलिक का सोमवार अल सुबह सड़क हादसे में निधन हो गया। उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार को पानीपत के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव पिपलीखेड़ा लाया गया। इस दौरान उनके परिवार को सांत्वना देने के लिए लोगों का तांता लगा रहा।
मृतक के परिजनों ने बताया कि उन्हें सोमवार को चंडीगढ़ में ट्रेनिंग पर जाना था, लेकिन अलसुबह गन्नौर जीटी रोड स्थित चौखी ढाणी ढाबे पर अपने रिश्तेदार के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद करनाल अपने निवास पर जा रहे थे। जब वे पानीपत के फ्लाईओवर के निकट पहुंचे तो उनकी गाड़ी का टायर फट गया। गाड़ी क्षतिग्रस्त होने पर उनके सिर में चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
सोमवार दोपहर को विजय मलिक का पैतृक गांव पिपली खेड़ा में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इंस्पेक्टर रणजीत के नेतृत्व में पुलिस टुकड़ी ने विजय मलिक को सलामी दी। उनके अंतिम संस्कार के दौरान हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड की अध्यक्षा कृष्ण गहलावत, विधायक कुलदीप शर्मा, विधायक जगबीर मलिक, पूर्व स्पीकर सतबीर कादियान, इनेलो नेता पदम सिंह दहिया, सुरेंद्र दहिया, जगदेव मलिक, राजसिंह दहिया, सियानंद त्यागी के अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी व ग्रामीण शामिल हुए।