पानीपत। सिंचाई विभाग की हाल ही में कब्जामुक्त करवाई गई माइनर की जमीन पर अब नगर निगम सड़क बनाने जा रहा है। इसके लिए निगम की ओर से 1.86 करोड़ रुपये का इस्टीमेट तैयार किया गया है, जिसे अब प्रशासकीय अनुमति का इंतजार है। इसके बाद निगम टेंडर लगाकर यहां अत्याधुनिक तकनीक से इंटरलॉकिंग सड़क तैयार करेगा।
ये सड़क मॉडल टाउन साइड से बाल विकास स्कूल से लेकर जाटल रोड तक बनाई जाएगी। करीब 850 मीटर लंबी इस सड़क की चौड़ाई 50 फुट निर्धारित की गई है। सड़क के दोनों ओर पांच-पांच फुट के फुटपाथ भी बनाए जाएंगे, जिससे सड़क का दायरा चौड़ाई में करीब 40 फुट बचेगा। सड़क को बनाने से पहले रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, स्ट्रॉम वाटर पापलाइन और मैनहोल तैयार किए जाएंगे। ताकि बारिश का पानी सड़क पर जमा न हो सके। सड़क पर आधुनिक स्ट्रीट लाइटों का काम सड़क निर्माण के बाद होगा। यह सड़क सुपरसोनिक हाईवे की तर्ज पर बनाई जाएगी। इसकी गुणवत्ता की चेकिंग के लिए निगम अधिकारियों की एक अलग कमेटी गठित की जाएगी।
सड़क बनने के बाद जाटल रोड से लेकर शुगर मिल तक दूसरे चरण में नई सड़क का निर्माण करवाया जाएगा। निगम के इस प्रोजेक्ट से शहरवासियों को रिंग रोड की सौगात मिलेगी। इसका सबसे ज्यादा फायदा वार्ड नंबर 17, 18, 19, 20 और 21 के लाखों लोगों को होगा। सड़क निर्माण के बाद मॉडल टाउन की ओर आने जाने का सबसे बेहतरीन विकल्प तो तैयार होगा ही, साथ ही जाटल रोड, गोहाना रोड और असंध रोड के जाम से भी लोगों को राहत मिलेगी।