पानीपत। बिजली निगम और नगर निगम के अफसरों में सामंजस्य नहीं है। इसका खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है। यह नगर निगम की स्ट्रीट लाइट कमेटी ने कहा है। शनिवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में निगम की स्ट्रीट लाइट कमेटी ने बिजली और नगर निगम के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की। इसमें शहर से जुड़ी परेशानियों के करीब 200 फोटोग्राफ अधिकारियों को सौंपे गए। इस पर अधिकारियों ने दो माह का समय मांगा। बैठक के दौरान फैसला लिया गया कि अब शहर में खुले पड़े हाईटेंशन तारों को केबल में बदला जाएगा। साथ ही सभी 26 वार्डों में जमीन पर रखे ट्रांसफार्मर भी खंभों पर रखवाए जाएंगे। शहर में टूटे विद्युत खंभों को बदला जाएगा।
स्ट्रीट लाइट कमेटी ने नगर निगम की इलेक्ट्रिल विंग से शहर में लगी सभी स्ट्रीट लाइटों को रिकार्ड मांगा, जिसे अधिकारी उपलब्ध नहीं करवा सके। इसके लिए अधिकारियों ने निगम कमेटी से दो दिन का समय मांगा है ताकि रिकार्ड सहित पूरा डाटा कमेटी को उपलब्ध करवा सकें। कमेटी ने नगर निगम और बिजली निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र के सभी ट्यूबवेलों का कनेक्शन किया जाएगा। आपस में सामंजस्य बनाकर कनेक्शन कराए जाएं।
कमेटी अध्यक्ष सुमन छाबड़ा और सदस्य विजय सहगल ने बताया कि शहर में खुले हाईटेंशन तार, नीचे रखे ट्रांसफार्मर, टूटे खंभे हादसों को न्योता दे रहे हैं। ट्यूबवेल लगने के बाद भी कनेक्शन न होने से शहरवासी परेशान हैं। बिजली निगम शहर में नौ मीटर के पोल के बजाय 12 मीटर के खंभे लगवा रहा है। इन पर लगी निगम की स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन काट दिए जाते हैं। यहां तक कि कुछ जगह से लाइटों को भी उतारा जा चुका है। ये सब दोनों विभागों के अधिकारियों में सामंजस्य न होने की वजह से हो रहा है। इन समस्याओं के करीब 200 फोटो अधिकारियों को सौंपते हुए समाधान का जवाब मांगा गया, जिस पर उन्होंने दो माह में सभी समस्याओं को हल करने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर मेयर अवनीत कौर समेत कमेटी अध्यक्ष एवं वार्ड-15 की पार्षद सुमन छाबड़ा, वार्ड संख्या आठ के पार्षद पति विजय सहगल, वार्ड नंबर चार के पार्षद रविंद्र नागपाल मौजूद रहे। वहीं, नगर निगम और बिजली निगम की ओर से एक्सईएन, एसडीओ और जेई रैंक के अधिकारी मौजूद रहे।