शहर में झपटमार पैर पसारते जा रहे हैं। आरोपी फोन पर बात करने वाले शख्स को निशाना बनाते हैं और पलक झपकते ही वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। आरोपी सबसे ज्यादा सेक्टर 29 थाना क्षेत्र में वारदात करते हैं, क्योंकि यह औद्योगिक नगरी है और सबसे ज्यादा मजदूर इसी एरिया में रहते हैं। आरोपी झपटमार शाम होते ही सक्रिय हो जाते हैं, जैसे-जैसे मजदूर फैक्टरी से छुट्टी लेकर घर जाते हैं, आरोपी उसी वक्त वारदातों को अंजाम देना शुरू कर देते है।
आरोपियों ने शिवाजी स्टेडियम में अभ्यास करने जा रही नेशनल स्तर की ताइक्वांडो खिलाड़ी और एएसआई की बेटी का फोन छीना। इसके अलावा सेक्टर 29 पार्ट-1 में एक फैक्टरी के बाहर खड़ी होकर फोन पर बात कर रही महिला का फोन छीनकर फरार हो गए। आरोपी बाइक की रफ्तार तेज रखते हैं, ताकि पीड़ित बाइक का नंबर नोट न सके। हालांकि सीआईए की टीम आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हुई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
स्नैचिंग नंबर एक
पुलिस लाइन निवासी एएसआई राजेंद्र सिंह की बेटी निकिता ने बताया कि वह वीरवार को शाम साढ़े चार बजे शिवाजी स्टेडियम में खेल का अभ्यास करने के लिए पैदल जा रही थी। इसी बीच एक कॉल आई तो वह बातचीत करते हुए चल रही थी। वह डॉ. एमकेके मॉडल स्कूल के सामने पहुंची तो बाइक पर सवार होकर दो युवक आए और फोन छीनकर फरार हो गए। उसने शोर मचाया और आरोपियों को पकड़ने की अपील की, लेकिन जब तक लोग इकट्ठा हुए तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। निकिता ने बताया कि वारदात के बाद वह घबरा गई और स्टेडियम में जाने की बजाय सीधा घर पहुंची। जहां से भाई निखिल के साथ वह मॉडल टाउन थाने गई और लिखित में शिकायत दी।
स्नैचिंग नंबर दो
कुटानी रोड निवासी ज्योति पत्नी सुनील कुमार ने बताया कि वह सेक्टर 29 पार्ट-1 में नौकरी करती है। वह दोपहर एक बजे फैक्टरी से सामने वाली फैक्टरी में निजी काम से जा रही थी। इसी बीच फोन कॉल आया तो वह बातचीत करने लगी। कृष्णा गार्डन की तरफ से दो युवक बाइक पर सवार होकर आए और फोन छीनकर चौटाला रोड की तरफ फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि उपरोक्त फोन उसकी ननद के नाम पर है। आरोपी इतनी तेज रफ्तार में थे कि वह बाइक का नंबर तक नहीं नोट कर सकी।
दोनों मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आरोपी झपटमारों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-सतीश वत्स, डीएसपी मुख्यालय।