पानीपत। विधायक प्रमोद विज से मिलते अभिभावक।
- फोटो : Panipat
पानीपत। 134 ए के तहत निजी स्कूलों की मनमानी चल रही है। निजी स्कूल बच्चों को दाखिला देने में आनाकानी कर रहे हैं। शुक्रवार को भी पाइट संस्कृति स्कूल ने 31 बच्चों को 134 ए के तहत दाखिला देने से इनकार कर दिया। अभिभावक इसकी शिकायत लेकर विधायक प्रमोद विज के कार्यालय में पहुंचे। विधायक प्रमोद विज ने इस संबंध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ मीटिंग की और पाइट स्कूल प्रबंधन को फटकार लगाई।
विधायक की फटकार के बाद शनिवार को स्कूल ने 134 ए के तहत 31 बच्चों को स्कूल में दाखिला दिया। इस पर अभिभावकों व बच्चों ने विधायक प्रमोद विज के कार्यालय में पहुंचकर उनका आभार व्यक्त किया।
विधायक प्रमोद विज ने कहा कि जो भी निजी स्कूल सरकार के निर्देशों का उल्लंघन करेगा, उन पर कार्रवाई तय है। स्कूलों को कोर्ट के आदेशों का पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि वह शहर का चहुंमुखी विकास करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनता के हक की लड़ाई और शहर के बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध हैं । इस मौके पर प्रवीन कुमार ,गीता व संगीता, नीलम मौजूद रहे।