पानीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद अब विभिन्न शिक्षण संस्थानों ने भी एडमिशन की तैयारी शुरू कर दी है। आईटीआई में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों का इंतजार अगले महीने खत्म हो जाएगा। जुलाई के मध्य तक दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। स्किल डेवलपमेंट एंड इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग निदेशालय की ओर से प्रदेश की सरकारी एवं निजी आईटीआई में दाखिले के लिए पोर्टल खोला जाएगा।
आईटीआई अधिकारियों का कहना है कि पिछली वर्ष की तरह इस बार भी आईटीआई में दाखिले के लिए पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रहेगी। आईटीआई अनुदेशकों ने कहा कि आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले विद्यार्थी अपने दस्तावेज पूरे कर लें। विद्यार्थी की खुद की मेल आईडी, मोबाइल नंबर होना जरूरी है। ऑनलाइन आवदेन के दौरान मेल आईडी और मोबाइल नंबर पर ओटीपी जाएगा। इनके अलावा विद्यार्थी के पास उसके अन्य मूल दस्तावेज भी होने जरूरी हैं।
-
सीबीएसई 10वीं, 12वीं के रिजल्ट का भी इंतजार
हरियाणा बोर्ड की ओर से 10वीं एवं 12वीं का परिणाम घोषित किया जा चुका है लेकिन सीबीएसई बोर्ड के परीक्षा परिणाम का इंतजार है। संभावना जताई जा रही है कि सीबीएसई का रिजल्ट जुलाई के दूसरे पखवाड़े में घोषित किया जाएगा। ऐसी स्थिति में विद्यार्थियों को आईटीआई समेत विभिन्न शिक्षण संस्थानों में दाखिले के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
-
जिले में आठ सरकारी एवं चार निजी आईटीआई
पानीपत में आठ राजकीय और चार निजी आईटीआई हैं, जिनमें प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी दाखिला ले सकेंगे। राजकीय आईटीआई पानीपत, नौल्था, समालखा, बापौली, मडलौडा, बराना, पानीपत असंध रोड तथा पाथरी में स्थित हैं। निजी आईटीआई गांव शेरा, छाजपुर, गढ़ी भल्लौर एवं राजाखेड़ी में स्थित हैं।
-
कहां कितनी सीटें
आईटीआई का नाम सीटें
राजकीय आईटीआई. पानीपत 924 सीटें
राजकीय आईटीआई (महिला) पानीपत 128 सीटें
राजकीय आईटीआई नौल्था 256 सीटें
राजकीय आईटीआई (महिला) समालखा 87 सीटें
राजकीय आईटीआई बापौली 168 सीटें
राजकीय आईटीआई बराना 64 सीटें
राजकीय आईटीआई मडलौडा 148 सीटें
राजकीय आईटीआई पाथरी 44 सीटें
कुल सरकारी आईटीआई - 8 कुल सीटें- 1819
विद्यार्थी इन दस्तावेजों को कर लें पूरा:
- 10वीं कक्षा की मार्कशीट
- 12वीं कक्षा की मार्कशीट
- जाति प्रमाणपत्र
- पिता या माता का आय प्रमाणपत्र
- हरियाणा रिहायशी प्रमाणपत्र
- आधार कार्ड
- बैंक पासबुक
- चरित्र प्रमाणपत्र
- परिवार पहचान पत्र
वर्जन-
- आईटीआई में जल्द ही आवेदन प्रक्रिया शुरू होने वाली है। तब तक इच्छुक विद्यार्थी अपने जरूरी दस्तावेज पूरे कर लें। ऑनलाइन एडमिशन प्रक्रिया में विद्यार्थी की ई-मेल आईडी, रजिस्ट्रेशन के लिए उसका पर्सनल मोबाइल नंबर और आधार कार्ड जरूरी हैं। राजकीय आईटीआई में लड़कियों की 30 प्रतिशत सीट आरक्षित है।
- डॉ. कृष्ण कुमार, प्राचार्य, राजकीय आईटीआई पानीपत