चंडीगढ़। हरियाणा और अफ्रीका एक-दूसरे के साथ व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करेंगे। दो दिवसीय ‘हरियाणा-अफ्रीका कान्क्लेव सीरीज-1’ में यह संकल्प लिया गया। समापन सत्र में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अफ्रीकी देशों के साथ एच टू एच मॉडल यानि हार्ट टू हार्ट कनेक्ट पर काम करेंगे। विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की रूपरेखा विकसित की जाएगी। भाईचारा बनाए रखने, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, पारस्परिक संबंध बढ़ाने की दिशा में सहयोग किया जाएगा। निवेशकों के लिए हरियाणा में विकास करना और आसान होगा।
उन्होंने कहा कि हरियाणा-अफ्रीका अलग नहीं हैं। हम वहां काम करने के लिए अपने उद्योगों के जरिये सहयोग करेंगे। मानव पूंजी के विकास में निवेश करने पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है। नए अवसरों का उचित उपयोग हमें नौकरी देने वाला बना सकता है। स्कूल और विश्वविद्यालय पाठ्यक्रमों को इस तरह से डिजाइन करना होगा कि वे युवाओं को भविष्य के लिए तैयार कर सकें।
यह कॉन्क्लेव दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करेगा। इससे सहयोग और पारस्परिक विकास की नई परिभाषा स्थापित होगी। अफ्रीका-हरियाणा व्यापक तरीके से विचार कर वैश्विक धारणाओं को बदलेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 12 अफ्रीकी देशों के प्रतिनिधियों के साथ विदेश सहयोग विभाग की तैयार हरियाणा-अफ्रीका रिलेशन टूवर्ड्स प्रोग्रेसिव फ्यूचर नामक पुस्तक का विमोचन किया। उन्होंने अफ्रीकी देशों के प्रतिनिधियों को स्मृति चिन्ह भेंट किये।
अफ्रीका हमारी प्राथमिकताओं में शीर्ष पर
उन्होंने कहा कि बहुआयामी विकास के लिए अफ्रीकी देशों के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार हैं। अफ्रीका हमारी प्राथमिकताओं में शीर्ष पर रहेगा। विकास साझेदारी सबकी प्राथमिकताओं के आधार पर बनेगी। स्थानीय अवसरों के अनुसार क्षमता का निर्माण किया जाएगा। डिजिटल क्रांति के साथ अपने अनुभव का उपयोग अफ्रीका के विकास के लिए करेंगे। सार्वजनिक सेवाओं के वितरण में सुधार, शिक्षा और स्वास्थ्य का विस्तार, डिजिटल साक्षरता का प्रसार, वित्तीय समावेश का विस्तार और जरूरतमंदों को मुख्यधारा में लाने जैसी गतिविधियों में अफ्रीका को सहयोग दिया जाएगा।