चंडीगढ़। एनसीआर में चरम सीमा पर पहुंच चुके प्रदूषण को कम करने के लिए हरियाणा सरकार ने कार्रवाई शुरू कर दी है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देश लागू करने के लिए हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने 11 विभागों को पत्र लिखा है। इसमें एनसीआर के जिलों में 50 फीसदी स्टाफ के लिये वर्क फ्रॉम होम 21 नवंबर तक लागू करने की कार्ययोजना बनाने को कहा है। यही आदेश निजी संस्थानों को भी लागू कराने होंगे।
पत्र के अनुसार सभी सरकारी निजी स्कूलों, कॉलेज व शिक्षण संस्थानों को अगले आदेश तक बंद रखने के लिए कहा गया है। प्रदूषण फैलाने वालों पर भारी जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए हैं। सड़कों की सफाई आधुनिक मशीनों से करानी होगी। प्रदूषण कम करने के लिए सड़कों पर पानी छिड़कने को कहा है। दिल्ली के 300 किलोमीटर में आने वाले हरियाणा के नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन झज्जर, महात्मा गांधी टीपीएस सीएलपी झज्जर प्लांट ही 30 नवंबर तक चलेंगे। पत्र के अनुसार गैस आधारित इंडस्ट्री ही एनसीआर में चलेगी।