पंचकूला। रोजगार की मांग को लेकर धरने पर बैठे कोरोना योद्धाओं को नौकरी मिलने का रास्ता साफ हो गया है। बुधवार को एनएचएम मुख्यालय से सभी जिलों में ईमेल के माध्यम से कोरोना योद्धाओं की ज्वाइनिंग कराने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इस पर कोरोना योद्धाओं ने धरनास्थल पर जमकर जश्न मनाया। ढोल की थाप पर नाचकर उन्होंने अपनी खुशी जाहिर की और गृह और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का आभार जताया। इसके बाद उनकी ओर से धरना समाप्त कर दिया गया।
कोरोना कर्मचारी एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को एमडी एनएचएम आईएएस प्रभजोत सिंह से मिला। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. संदीप सिंधु, अन्नु धीमान, चरणजीत, सिमरनजीत, विजय, सोनिया, नरेंद्र, ललित, सुरेंद्र और मोनिका शामिल रहे। डॉ. संदीप सिंधु ने अध्यक्षता की। उन्होंने बताया कि एमडी एनएचएम के साथ मीटिंग बहुत ही सकारात्मक रही। 1045 कोरोना कर्मचारियों की परेशानियों को समझते हुए उनकी जायज मांग को उन्होंने मान लिया। उन्होंने सभी अस्पतालों में ईमेल कर कोरोना योद्धाओं को ज्वाइन कराने के आदेश जारी कर दिए हैं। इस धरने में विजय, सन्नी, संदीप, अक्षय, अजय, कुलदीप, परमिंद्र, सबरजीत और कृष्ण आदि मौजूद रहे।