रायपुररानी। नारायणपुर लिंक रोड पर स्थित गांव शाहपुर में स्थित बाबा सैय्यद पीर प्रांगण में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर छह जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह करवाया गया। इनमें तीन जोड़ोें के निकाह पढ़े गए और तीन जोड़ों का विवाह करवाया गया। इस मौके पर गद्दीनशीन भगत साहब झल्ला, किरण लाला, रायपुररानी ग्राम पंचायत के सदस्य सहित अनेक श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
इस समारोह में आयोजकों ने बताया कि निकाह और विवाह के लिए पंजीकरण करवाने वालों में अंबाला क्षेत्र के प्रदीप कुमार का पूनम देवी निवासी गढी कोटाहा, गांव ककराली के सोनी का जीना निवासी रामपुर सैणी, यमुनानगर क्षेत्र के अमजद का रूकसाना निवासी जिला अंबाला, यमुनानगर के अरुण का गांव कंडयाइवाला निवासी शबाना, यमुनानगर के फुरकान का जिला मोहाली की फरजाना, गांव हंगोली के अजय कुमार का जिला अंबाला की मधु के साथ विवाह और निकाह विधि विधान के मुताबिक संपन्न करवाया गया। इस समारोह में पानीपत के मशहूर कव्वाल फारूक ने कव्वाली कार्यक्रम पेश करके समां बांधा। इस अवसर पर क्षेत्र से भारी संख्या में श्रद्धालुओं और समाजसेवी लोगों ने हिस्सा लिया।