पंचकूला। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता की सख्ती का असर दिखने लगा है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और नगर निगम की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। शुक्रवार को एचएसवीपी के संपदा अधिकारी राकेश संधू के आदेश पर अतिक्रमण हटाओ टीम ने शहर में पांच जगह कार्रवाई कर करोड़ों की सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त करवाया। हालांकि कुछ स्थान पर टीम के सदस्यों को लोगों के विरोध का सामना भी करना पड़ा, लेकिन भारी पुलिस बल साथ में होने के कारण कार्रवाई जारी रही।
संपदा अधिकारी राकेश संधू ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के लिए टीम का गठन किया है, जिसमें जेई नवीन, एसडीओ कैलाश चंद काला को ड्यूटी मजिस्ट्रेट, जेई त्रिलोक ठकुराल और सुपरवाइजर मान सिंह शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस जवान हैं। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को सबसे पहले सेक्टर-5 में श्रीराज होटल के पीछे सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त करवाया गया। इसके बाद सेक्टर-1 में ट्रक यूनियन के दफ्तर को जेसीबी के सहारे तोड़ा गया। सेक्टर-4 में पेट्रोल पंप के पीछे अवैध रूप से झुग्गी बनाकर काबिज लोगों को हटाया गया। सेक्टर-7 और सेक्टर-9 मार्केट में अवैध रूप से रेहड़ी फड़ी लगाने वाले लोगों के सामान को जब्त किया गया।