पंचकूला। प्रदेश की राजधानी के साथ पंचकूला जुड़ा हुआ है, मगर यहां एक से दूसरे सेक्टर में जाने के लिए परिवहन सेवा उपलब्ध नहीं है। यह शिकायत सिटीजंस वेलफेयर एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को पत्र लिखकर भेजी है। मुख्यमंत्री के अलावा विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता, स्टेट ट्रांसपोर्ट कमिश्नर और उपायुक्त को भी यह पत्र भेजा गया है।
एसोसिएशन के प्रधान एसके नैय्यर का कहना है कि रिंग-बस-सर्विस एवं पब्लिक-ट्रांसपोर्ट सिस्टम उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को असुविधा हो रही है। यह परेशानी पिछले 30-35 वर्षों से झेल रहे हैं। शहर की आबादी तीन लाख से ज्यादा होने के बावजूद जिला प्रशासन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने सरकार से शहर में क्लॉक-वाइज और एंटी-क्लॉक-वाइज रिंग बस सेवा शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि इन बसों का रंग भी सामान्य से अलग होना चाहिए। बस स्टाप निर्धारित करके उन पर टाइम-टेबल और बस सारणी लगाई जाए।
उन्होंने बताया कि लोगों की मांग पर हरियाणा सरकार ने 1992 में यह सेवा शुरू की थी, मगर बाद में घाटे का सौदा बताकर बंद कर दिया गया। एसोसिएशन के प्रधान एसके नैय्यर, उपप्रधान मेवा सिंह पातड़, महासचिव सुनील जैन और अन्य सदस्यों ने इस समस्या के बारे में पत्र लिखकर शहर के एक से दूसरे सेक्टर में जाने के लिए बस सुविधा शुरू करने की मांग की है।