इंटरनेशनल हैकर्स गिरोह का एक ओर मास्टरमाइंड गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
इंटरनेशनल हैकर्स/ठग गिरोह के एक ओर मास्टरमाइंड को यूटी पुलिस के साइबर सेल ने गिरफ्तार किया है। मूलरूप से पटना, बिहार निवासी संस्कार सिंह अपने साथी जीरकपुर निवासी राजेश शर्मा के साथ मिलकर ऑनलाइन ठगी की कई वारदात को अंजाम दे चुका है। पुलिस ने बुधवार को उसे चंडीगढ़ से ही गिरफ्तार किया। पुलिस उसे वीरवार को जिला अदालत में पेश करेगी। पुलिस को उम्मीद है कि संस्कार से पूछताछ में कई अन्य खुलासे होने की उम्मीद है।
डीएसपी साइबर सेल रश्मि यादव ने बताया कि पहले गिरफ्तार किए गए राजेश शर्मा से पूछताछ में संस्कार का नाम सामने आया था। उसके अनुसार वह संस्कार की मदद से ही ऑनलाइन फ्राड और पैसे को हवाला के जरिए कैसे व्हाइट करना है सब करता था। इस गिरोह के मुख्य मास्टरमाइंड राजेश और संस्कार ही हैं।
19 साल का संस्कार बिटक्वाइन से लोगों का क्रेडिट-डेबिट कार्ड का डाटा खरीदता था
19 वर्षीय संस्कार ऑनलाइन करेंसी यानी बिटक्वाइन खरीदता था। इन्हीं बिटक्वाइन से वह लोग इंटरनेशनल डार्क साइट्स से लोगों का डेबिट और क्रेडिट कार्ड का डाटा खरीदता था। इस डाटा को वह राजेश को देता था और राजेश अन्य लोगों की मदद से लोगों के कार्ड से पेमेंट कर अपना कमीशन बनाता था। वहीं कई बार ये लोग कार्ड से शॉपिंग करते थे और फ्लाइट भी बुक करवाते थे। इसके बाद कंपनियों से इसका कमीशन लेते थे। राजेश और संस्कार मिलकर लंबे अरसे से ये काम कर रहे थे। दोनों कुछ दिन एक शहर में रहकर अपनी लोकेशन बदल लेते थे।
- ऑनलाइन ठगी के तीन गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पकड़ा गया बिहार निवासी संस्कार
-पहले पकड़े गए जीरकपुर के राजेश के साथ मिलकर कर चुका है ठगी की कई बड़ी वारदात