नोट: घायल विजय की फोटो का इस्तेमाल करें।
दो युवकों को अगवा कर रॉड और डंडों से पीटा, अधमरा कर सड़क पर फेंका
सबहेड
मैंडी की हत्या का बदला लेने और हत्यारों का नाम जानने के लिए भाई ने साथियों संग मिल की वारदात
तीन अपहर्ताओं ने नया गांव में कमरे में बंद कर पीटा, दोनों युवकों पर शक था हमलावरों को जानने का
पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू की, आरोपी फरार
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। नया गांव निवासी सौरभ उर्फ मैंडी की हत्या का बदला लेने को भाई प्रीतम ने बीते शनिवार शाम अपने दो साथियों के साथ गांव खुड्डा लौहरा में पानी की मोटर के पास से नया गांव निवासी युवक विजय और रिशु को अगवा कर लिया। अपहर्ता दोनों युवकों को कार से अगवा कर नया गांव के एक कमरे में ले गए और मैंडी के हत्यारों की पहचान जानने के लिए दोनों युवकों को जमकर पीटा। अपहर्ता शराब के नशे में धुत थे। विजय और रिशु गिड़गिड़ाते रहे कि वे मैंडी के हत्यारों को नहीं जानते लेकिन अपहर्ता उनके मुंह से केवल हत्यारों की पहचान जानना चाहते थे।
प्रीतम व उसके दोनों साथियों खान और अन्ना ने उक्त दोनों युवकों को डंडों और लोहे की रॉड तक से पीटा। इससे विजय और रिशु बुरी तरह लहूलुहान होकर बेहोश हो गए। इसके बाद दोनों को बेहोशी की हालत में कार में डालकर फिर से गांव खुड्डा लौहरा के पुल के पास फेंककर तीनों आरोपी फरार हो गए। दोनों के सड़क पर लहूलुहान पड़ा होने की सूचना पर पीसीआर और थाना सारंगपुर से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और रिशु को पीजीआई में जबकि विजय को जीएमएसएच-16 में भर्ती कराया। विजय के चेहरे पर काफी सूजन है और अन्य शारीरिक हिस्सों पर भी चोटें लगी हैं। वहीं, पीजीआई में भर्ती रिशु की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे गुम चोटें आने सहित फ्रेक्चर भी है और चेहरा व अन्य शारीरिक अंगों पर सूजन है। विजय के बयान देने की स्थिति में आने पर थाना सारंगपुर पुलिस ने उससे पूछताछ की। विजय ने अपहर्ता हमलावरों की पहचान मैंडी के भाई प्रीतम और उसके साथी खान व अन्ना के रूप में बताई। थाना सारंगपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। रविवार रात तक पुलिस नया गांव सहित अन्य जगहों पर छापेमारी में जुटी रही लेकिन अहपर्ता हमलावर घरों सहित अन्य ठिकानों से फरार मिले।
बीती सात जून को हुई थी मैंडी की हत्या
बीती सात जून को मैंडी नया गांव की जनता कालोनी में घर के बाहर दोस्त के साथ खड़ा था। उसी दौरान बाइक सवार कुछ युवकों ने उसकी गोलियां मारकर हत्या कर दी। नया गांव थाना पुलिस ने मैंडी के भाई प्रीतम की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर कुछ हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया लेकिन शेष हत्यारोपी अभी फरार हैं। भाई प्रीतम को शक था कि विजय और रिशु हत्यारों को जानते हैं। इसी कारण उसने साथी खान और अन्ना सहित उन्हें अगवा कर वारदात को अंजाम दे डाला।