पंचकूला। पूर्ण उपभोक्ता संतुष्टि के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए बिजली विभाग कई योजनाएं चला रहा है। उपभोक्ताओं की शिकायतें दर्ज करने और पुरानी शिकायतों की सुनवाई के लिए उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच के सदस्य जून में विभिन्न स्थानों का दौरा करेंगे।
नगर निगम के प्रवक्ता ने बताया कि मंच के सदस्य, 03 जून को ऑपरेशन सर्कल कैथल, 06 को ऑपरेशन सर्कल पंचकूला, 08 को ऑपरेशन सर्कल पानीपत, 10 को ऑपरेशन सर्कल करनाल, 13 को ऑपरेशन सर्कल कुरुक्षेत्र, 15 को ऑपरेशन सर्कल अंबाला, 17 को ऑपरेशन सर्कल यमुनानगर, 20 को ऑपरेशन सर्कल रोहतक, 22 को ऑपरेशन सर्कल झज्जर, 24 को ऑपरेशन सर्कल सोनीपत, 27 को ऑपरेशन सब-डिवीजन बरवाला (पंचकूला) और 29 जून को ऑपरेशन सर्कल पानीपत में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक सीजीआरएफ टीम के सदस्य शिकायतों की सुनवाई करेंगे और नई शिकायतें भी दर्ज करेंगे।
मंच के सदस्य उपभोक्ताओं की सभी प्रकार की समस्याओं की सुनवाई करेंगे, जिनमें मुख्यत: बिलिंग, वोल्टेज, मीटरिंग से संबंधित शिकायतें, कनेक्शन काटने और जोड़ने, बिजली आपूर्ति में बाधाएं, कार्यकुशलता, सुरक्षा, विश्वसनीयता में कमी और हरियाणा बिजली विनियामक आयोग के आदेशों की अवहेलना आदि शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मंच की ओर से बिजली अधिनियम की धारा 126 और धारा 135 से 139 के अंतर्गत बिजली चोरी और बिजली के अनधिकृत उपयोग के मामलों में दंड और जुर्माना और धारा-161 के अंतर्गत जांच एवं दुर्घटनाओं से संबंधित मामलों की सुनवाई नहीं की जाएगी।