पंचकूला/बरवाला। बरवाला में पक्का तालाब के निकट अमृत सरोवर जीर्णोद्धार के कार्य का विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने रविवार को शुभारंभ किया। यह कार्य करीब 31 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। सरोवर के चारों तरफ वॉकिंग ट्रैक बनाया जाएगा, जहां लोग सैर कर सकेंगे। इसके अलावा सरोवर के तटों पर पेड़ लगाए जाएंगे। सरोवर पर गोघाट और स्टैप घाट बनाए जाएंगे। इसके अलावा नालों/नालियों का निर्माण, गंदे पानी का उपचार और अपचारित जल को सिंचाई में उपयोग करने के लिए पाइप लाइन बिछाने का कार्य भी किया जाएगा।
बरवाला के सामुदायिक केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोनीपत के गांव नाहरा में राज्य स्तरीय समारोह में अमृत सरोवर मिशन का शुभारंभ किया है। इस मिशन के तहत प्रदेशभर के 111 तालाबों का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। यह कार्य विकास एवं पंचायत विभाग हरियाणा और हरियाणा पौंड एंड वेस्ट वॉटर मैनेजमेंट अथॉरिटी द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मिशन के तहत पंचकूला के गांव बरवाला और कालका ग्राम पंचायत नानकपुर के गांव सौतवाला में अमृत सरोवर का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण किया जाना शामिल है। गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार ने जल संरक्षण के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं। बरसाती पानी को कृषि में प्रयोग करने के लिए थ्री पौंड सिस्टम और फाइव पौंड सिस्टम शुरू किया है। इसके तहत बरसात के पानी को तालाबों में संग्रहण कर, इसका सिंचाई में प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों में पानी का सदुपयोग करें और जल संरक्षण की दिशा में केंद्र व राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों में अपनी अहम भूमिका निभाएं। इस मौके पर उपायुक्त महावीर कौशिक व जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गगनदीप सिंह, विकास एवं पंचायत विभाग के कार्यकारी अभियंता वीरेंद्र सिंह, बीजेपी के जिला उपाध्यक्ष उमेश सूद, बरवाला मंडल के अध्यक्ष गौतम राणा, एससी मोर्चा के अध्यक्ष अमरीक सिंह, मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन अशोक शर्मा, गांव बरवाला के सरपंच बलजिंद्र गोयल, राहुल राणा सहित गांववासी उपस्थित रहे।