चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी की ओर से 6 मई को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह को लेकर शनिवार को नो व्हीकल रोड निर्देश जारी किए गए। दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू मुख्यातिथि के तौर पर आ रहे हैं। वीवीआईपी दौरे को देखते हुए 5 और 6 मई को पीयू की सड़क पर कोई व्यक्ति वाहन नहीं खड़ा कर सकता है। अगर किसी व्यक्ति का वाहन सड़क पर मिलता है तो चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस की ओर से उठा लिया जाएगा।
निर्देशों के अनुसार वीवीआईपी रूट गेट नंबर 1 से प्रशासनिक ब्लॉक होते हुए रयासन विज्ञान विभाग, भौतिकी विज्ञान विभाग सड़क से जिम्नेजियम हॉल तक होगा। जिम्नेजियम हॉल में दीक्षांत समारोह का कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। इस रूट पर आम जनता को सुबह 9 बजे से दोपहर एक बजे तक आने की अनुमति नहीं होगी।
आम जनता के लिए ये रहेगा गेट का समय
गेट नंबर 1 आने और जाने के लिए सुबह 6 से शाम 9 बजे तक और इसके बाद दोपहर एक बजे के बाद खुलेगा। इस समय के दौरान किसी भी व्हीकल को आने-जाने के लिए अनुमति नहीं मिलेगी। सिर्फ वीवीआईपी एंट्री होगी। गेट नंबर 2 वीआईपी, निमंत्रण अतिथि, शिक्षक और मीडिया के लिए खुला रहेगा। वहीं, गेट नंबर 3 सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक विद्यार्थियों के आने जाने के लिए खुला रहेगा।
डीसी और एसएसपी ट्रैफिक ने किया दौरा
पंजाब यूनिवर्सिटी में दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को डीसी विनय प्रताप सिंह और एसएसपी ट्रैफिक मनीषा चौधरी ने दौरा किया और तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान पीयू रजिस्ट्रार के साथ तैयारियों को लेकर बैठक भी की गई। शुक्रवार को मुख्य अग्निशमन अधिकारी रोहित गुप्ता ने भी पीयू का दौरा किया था। पीयू में अभी समारोह के मद्देनजर सड़कों के चारों तरफ की रेलिंग और साइन बोर्ड का रंग-रोगन किया जा रहा है। इसके साथ ही पेड़ों की छंगाई कर उन्हें आकार दिया जा रहा है। विभागीय स्तर पर भी शनिवार को तैयारियों को लेकर बैठक की गई।