पिंजौर। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल ने मंगलवार को पिंजौर में बन रही सेब, फल व सब्जी मार्केट का दौरा कर चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लिया। दलाल ने बताया कि 78 एकड़ भूमि पर 178 करोड़ रुपये की लागत से मार्केट तैयार हो रही है।
उन्होंने इस दौरान राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अधिकारियों से मैप के माध्यम से मार्केट की रूपरेखा को समझा। कृषि मंत्री ने टेंडर कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्माण कार्य तेजी से करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित दुकानों का मॉडल 30 नवंबर तक पूर्ण रूप से तैयार करें ताकि मार्केट में दुकान खरीदने के इच्छुक किसान व व्यापारी इन दुकानों के मॉडल को देखकर यहां निवेश कर सकें। उन्होंने कहा कि फरवरी 2022 तक मार्केट के प्रवेश द्वार के पास ग्रीन एरिया को पूरी तरह से तैयार किया जाए। इस अवसर पर हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक विनय सिंह, ईआईसी उदय भान और चीफ इंजीनियर कुलदीप सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।