पंचकूला। ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में 4 से 13 जून तक होने जा रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी करने के लिए हरियाणा तैयार है। 1 जून से ही विभिन्न खेलों में प्रतिभागिता करने वाले खिलाड़ी और अधिकारी पंचकूला पहुंचने लगेंगे। हरियाणा योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉक्टर जयदीप आर्य ने बताया कि पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए इस बार पांच पारंपरिक खेलों को इसमें शामिल किया गया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री अनिल विज हरियाणा को योगमय बनाने की तरफ निरंतर प्रयत्नशील हैं।
पंचकूला में होने जा रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में 4 से 6 जून तक योगासन की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। योगासन में देशभर से कुल 90 प्रतिभागी भाग लेंगे। इसमें हरियाणा से 15 प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त नेशनल योगासन स्पोर्ट्स फेडरेशन के विजेता खिलाड़ी खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हरियाणा का परचम लहराएंगे और हरियाणा को अन्य खेलों की तरह योगासन में भी नंबर एक बनाएंगे। उन्होंने बताया कि हरियाणा के पुरुष वर्ग में गुरुग्राम से जीतू, सागर रंगा, प्रभात व गौरव सहित पलवल से रोहित, हिसार से पार्थ और अरनव जबकि रोहतक से दीपांशु योगासन का प्रदर्शन करेंगे।
महिला वर्ग में हिसार की मानवी व्यास व प्रेरणा, रोहतक की काजल, करुणा, काफी, झज्जर की लावण्या, फरीदाबाद की सृष्टि दहिया अलग अलग गतिविधियों में भागीदारी करेंगी और हरियाणा का नाम योगासन में रोशन करेंगी। दोनों ही वर्गों के खिलाड़ी कल पंचकूला पहुंचकर अपनी तैयारी सुदृढ़ करेंगे।