चंडीगढ़। हरियाणा के कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के मंत्री मूलचंद शर्मा ने बताया कि हरियाणा की आईटीआई में दाखिला पाने के इच्छुक छात्रों को जल्द नई सौगात मिलने वाली है। प्रदेश में आईटीआई से जुड़े 57 नए कोर्स जल्द शुरू किए जाएंगे। इस संबंध में विभाग ने प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली है।
शर्मा ने बताया कि 15 जुलाई 2021 को वर्ल्ड यूथ स्किल-डे के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 57 नए कोर्स शुरू करने की घोषणा की थी। इन 57 कोर्स में क्राफ्ट्स ट्रेनिंग स्कीम से जुड़े 8 कोर्स, क्राफ्ट्स इंस्ट्रक्टर ट्रेनिंग स्कीम से जुड़े 13 कोर्स, शॉर्ट टर्म ट्रेनिंग से जुड़े 14 कोर्स, अपरेंटिसशिप ट्रेनिंग स्कीम से जुड़े 10 कोर्स और फ्लैक्शी एमओयू से जुड़े 12 कोर्स शुरू किए जाएंगे। मंत्री ने बताया कि मौजूदा समय में औद्योगिक इकाइयों में अलग-अलग ट्रेड से जुड़े स्किल्ड कर्मचारियों की डिमांड लगातार बढ़ रही है। औद्योगिक क्षेत्र में रोजगार से जुड़े नए अवसरों के मद्देनजर इन कोर्स को हरियाणा की विभिन्न आईटीआई में जल्द शुरू किया जाएगा।