पलवल। जिला नागरिक अस्पताल में अव्यवस्थाओं के कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में कई डॉक्टरों के कक्ष खाली पड़े रहते हैं, जिससे मरीज घंटों तक चिकित्सकों का इंतजार करते रहते हैं। अस्पताल में एंटी रेबीज इंजेक्शन भी लंबे समय से खत्म हैं। मरीज लाइन में लगकर पर्ची कटवा लेते हैं। इसके बाद पता चलता है कि इंजेक्शन नहीं हैं। इसके अलावा दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने वाले कक्ष पर भी ताला लटका रहता है। दिव्यांग अपने दस्तावेज जमा करवाने आते हैं, लेकिन निराशा ही उनके हाथ लगती है। मंगलवार को अमर उजाला ने पड़ताल की।
सुबह 9:30 बजे
कक्ष से नदारद थे डॉक्टर
पलवल नागरिक अस्पताल के त्वचा रोग विशेषज्ञ का कक्ष 13ए खाली पड़ा हुआ था। कुर्सी पर कोई मौजूद नहीं था। बाहर मरीज चिकित्सक का इंतजार कर रहे थे। मरीजों को डॉक्टर के बारे में जानकारी देने वाला भी कोई नहीं था। तीन-चार घंटे इंतजार करने के बाद मरीज वापस लौट गए।
सुबह 9:45 बजे
हड्डी रोग विशेषज्ञ के इंतजार में लगी भीड़
अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ के कक्ष नंबर 26 के बाहर मरीजों की काफी भीड़ लगी हुई थी। अंदर जाकर देखा तो कक्ष के अंदर कोई नहीं था। चिकित्सक भी नदारत थे। जब चिकित्सक के आने के बारे में पूछा गया तो किसी को जानकारी नहीं थी।
सुबह 10:15 बजे
कमरे पर लटता ताला
हड्डी रोग विशेषज्ञ के कक्ष से सटे 29 नंबर कमरे पर भी ताला लटका हुआ मिला। इस कमरे में दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने का कार्य किया जाता है। बुधवार को प्रमाण पत्र बनाने के लिए मेडिकल परीक्षण किया जाता है। बाकी दिनों दस्तावेज जमाकर उनकी जांच होती है, लेकिन कक्ष पर ताला लटता होने के कारण दिव्यांग वापस लौटने को मजबूर थे।
सुबह 10:30 बजे
अस्पताल में एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाने वाले कक्ष के बाहर टीके खत्म होने का पोस्टर लगा हुआ है। मरीज ओपीडी की लंबी लाइन में लगकर पर्ची कटवा रहे थे। टीका लगवाने के लिए कक्ष में पहुंचते ही पोस्टर को देखकर निराश होकर वापस लौट गए।
पैर के घुटने में दर्द रहता है। इसके लिए ऑपरेशन करवाना है। दो दिन पहले भी डॉक्टर को दिखाया था। बुधवार को फिर बुलाया, लेकिन अब तक डॉक्टर ही नहीं आए हैं।
- निखलेश, बंचारी
त्वचा में एलर्जी की समस्या है। अस्पताल में डॉक्टर को दिखाने मंगलवार को भी आया था, लेकिन चिकित्सक नहीं मिला। फिर आया हूं, लेकिन स्थिति वही है। कोई जानकारी भी नहीं दे रहा है।
- राजपाल, पलवल
अस्पताल में एंटी रेबीज इंजेक्शन खत्म हैं। इनकी मांग भेजी जा चुकी है। जो डॉक्टर समय पर मरीजों को नहीं देख रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. अजय माम, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, नागरिक अस्पताल पलवल