पलवल। छेड़छाड़ से तंग आकर तथा घर में घुसकर धमकी देने से परेशान 12वीं की छात्रा ने शनिवार रात को फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। इस मामले में पुलिस ने छात्रा के पिता के बयान पर एक नामजद सहित तीन के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गुप्तागंज बाजार में 12वीं की छात्रा ने छेड़छाड़ से परेशान होकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वहां पहुंचते ही फंदे पर लटकी छात्रा के शव को नीचे उतारकर तुरंत पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भिजवाया। इस मामले में पुलिस को पिता ने शिकायत दी है कि उसकी बेटी कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 12वीं में पढ़ती थी। रास्ते में उनके पड़ोस में ही रहने वाला दीपक उससे छेड़छाड़ करता था, जिससे वह परेशान रहती थी। शिकायत में कहा गया कि इस संदर्भ में पहले भी पुलिस को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। यदि समय रहते कार्रवाई हो जाती तो उनकी बेटी खुदकुशी नहीं करती। शिकायत में कहा गया कि शुक्रवार को दीपक साथी सतीश, दिलबाग व कुछ अन्य युवकों को घर लेकर आया तथा धमकी दी कि उसके पास उनकी बेटी के फोटो और विडियो हैं, जिन्हें वह वायरल कर देगा। इसके जाने के बाद से ही उनकी बेटी डरी हुई थी तथा रात को उसने घर में ही कमरे के अंदर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। थाना प्रभारी हरी सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। फिलहाल, छात्रा के पिता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।