पलवल। जिला सिविल अस्पताल में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने मासिक वेतन की मांग को लेकर दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल की। कर्मचारियों ने विभाग व सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हड़ताल को सर्व कर्मचारियों संघ के जिला प्रधान राजेश शर्मा, सुपरवाइजर सबरजीत व कर्मचारी गुड़िया आदि ने संबोधित किया।
कर्मचारी नेताओं ने बताया कि पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला है, जिसके चलते कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। घर में राशन तक नहीं है। स्कूलों में बच्चों की फीस जमा नहीं हो रही है। कई बच्चों को स्कूल से निकाल दिया गया है। कर्मचारियों ने कोरोना काल के दौरान आगे बढ़कर सेवाएं दी, जिसके बाद सरकार स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को कोरोना योद्धा कहती है, लेकिन विभाग की लापरवाही के कारण कर्मचारियों को आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो 11 अगस्त को जिले की सभी सीएचसी-पीएचसी में कार्यरत कर्मचारी अनिश्चित कालीन हड़ताल करेंगे। इस दौरान सुपरवाइजर सबरजीत, मनोहर लाल, कर्मवीर, राहुल, गुड़िया, मधु व रजनी आदि शामिल रहे।