पलवल। केएमपी एक्सप्रेस स्थित नरेश ढाबे पर संचालक का शव फंदे पर लटका मिला। मृतक के फोन न उठाने पर उसके भाई ने मौके पर जाकर देखा तो उसके होश उड़ गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भिजवाया। सदर थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आत्महत्या की कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। वहीं परिजनों ने मामले में हत्या का आरोप लगाया है।
सदर थाना में कार्यरत सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार के अनुसार गांव महेशपर निवासी राहुल ने पुलिस को शिकायत दी है कि उसके 24 वर्षीय भाई नरेश ने केएमपी एक्सप्रेस वे के समीप अपने खेतों में ढाबा खोला हुआ था। बुधवार शाम को चार बजे उसने नरेश के पास फोन किया। काफी देर तक फोन न उठाने पर करीब छह बजे वह ढाबे पर गया तो नरेश का शव ढाबे के अंदर रस्सी से फंदे पर लटका हुआ मिला। उसने मामले की शिकायत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भिजवाया। राहुल ने बताया कि उसके भाई की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। वह बहुत आशावादी व्यक्ति था। वह आत्महत्या नहीं कर सकता। जरूर किसी ने उसकी हत्या कर उसका शव फंदे पर लटकाया है। पुलिस ने फिलहाल आत्महत्या की कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।