यमुना में डूबे छात्रों को खोजते गोताखोर
- फोटो : Palwal
पलवल। यमुना नदी में नहाते समय सोमवार को डूबे दो छात्रों की खोज के लिए मंगलवार सुबह से ही राष्ट्रीय आपदा अनुक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम उन्हें ढूंढने में लगी रही। उधर, चांदहट थाना पुलिस पूरी रात डूबे छात्रों को ग्रामीणों और उनके परिजनों के साथ ढूंढती रही, लेकिन बच्चों का कुछ पता नहीं चला। पुलिस का कहना है कि पानी का तेज बहाव होने के कारण छात्र रोहित और सचिन आगे भी जा सकते हैं।
यमुना नदी में सोमवार को रहीमपुर के दो छात्र डूब गए थे। मौके पर पहुंचे डीएसपी यशपाल खटाना ने बताया था कि दोपहर करीब 1:30 बजे सूचना मिली थी कि गांव रहीमपुर के दो बच्चे यमुना नदी में डूब गए हैं। नदी में डूबे बच्चों की पहचान रोहित और सचिन के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 17 और 18 साल है। दोनों 11वीं के छात्र हैं। स्थानीय गोताखोरों की मदद से डूबे छात्रों की तलाश शुरू की थी, लेकिन छात्रों का सुराग नहीं लग सका। चांदहट थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि पुलिस रात से ही ग्रामीणों व छात्रों के परिजनों के साथ बच्चों की तलाश करती रही, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। मंगलवार को एनडीआरएफ के 9 सदस्यों की टीम मौके पर बुलाई गई, लेकिन अभी तक उन्हें भी डूबे बच्चों का कोई सुराग नहीं लगा।