फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Palwal News: खनन माफिया ने पुलिस पर किया हमला, दो सिपाही गंभीर घायल

Sat, 03 Feb 2024 10:43 PM IST
नोएडा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पलवल
विज्ञापन
विज्ञापन
अवैध खनन भरकर ले जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली और चालक को भी छुड़ाया
विज्ञापन

फरसा, लाठी, सरिया से पुलिस कर्मियों को पीटा, गाड़ी का कांच तोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। अवैध खनन कर यमुना की रेती ले जा रहे ट्रैक्टर चालक को पकड़ने पर खनन माफिया ने हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो की टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। दर्जन भर आरोपियों ने टीम को घेरकर गाड़ी को तोड़ दिया और फरसे व लाठियों से वार कर दो पुलिस कर्मियों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपी पुलिस के कब्जे से चालक व ट्रैक्टर-ट्रॉली को छुड़ाकर ले गए। आरोपियों ने जाते-जाते पुलिस कर्मियों को जान से मारने की धमकी दी। घायल कर्मियों को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। सदर थाना पुलिस ने हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के अधिकारी की शिकायत पर दो नामजद सहित दर्जन भर के खिलाफ हत्या का प्रयास, अवैध माइनिंग, सरकारी कार्य में बाधा डालने व लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
सदर थाना में कार्यरत सब इंस्पेक्टर हरिओम के अनुसार हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो पलवल के अनुसंधान अधिकारी कालूराम ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह सिपाही भगत सिंह, पवन कुमार व चालक मूलचंद के साथ अवैध खनन जांच ड्यूटी पर हसनपुर रोड स्थित गांव खांबी में मौजूद थे। उसकी दौरान सूचना मिली कि गांव पीरगढ़ी निवासी रहीश अवैध खनन का कार्य करता है, जो ट्रैक्टर में यमुना की रेत भरकर आ रहा है। ट्रैक्टर का मालिक गांव करीमपुर निवासी महेंद्र है। सूचना के आधार पर उन्होंने नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद नीले रंग के बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेत भरकर चालक पहुंचा। टीम ने ट्रैक्टर रोक कर चालक रहीश से बिल पेश करने को कहा, जो वह नहीं दिखा सका। उन्होंने चालक को गिरफ्तार कर गाड़ी में बिठा लिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर निकलने लगे। ट्रैक्टर को सिपाही पवन चला रहा था।
विज्ञापन

बामनीखेड़ा रेलवे पुल के समीप 10-12 लोग हाथों में लाठी, फरसा, सरिया लेकर आए और जबरन ट्रैक्टर को रुकवा लिया। एक व्यक्ति ने कहा कि वह करीमपुर का महेंद्र है और यह उसका ट्रैक्टर है। आरोपियों ने उनपर जानलेवा हमला कर दिया। एक व्यक्ति ने हाथ में लिए फरसे से उनके चालक मूलचंद पर वार किया। हमले में गाड़ी की अगली खिड़की का कांच टूट गया और मूलचंद के सिर में फरसा लगा। आरोपियों ने उसके सिर पर भी लाठी से वार कर घायल कर दिया और रेती से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली व चालक रहीश को उनके कब्जे से छुड़ाकर ले गए। उन्होंने सदर थाना पुलिस को मामले की सूचना दी, जिन्होंने उसे जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया।
विज्ञापन

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें