पलवल/हथीन। अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटनाओं में 14 वर्षीय किशोर सहित चार लोगों की मौत हो गई। तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए और घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों की शिकायत पर वाहनों के अज्ञात चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता संजय काद्यान के अनुसार बंचारी गांव निवासी बहादुर सिंह ने सदर थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि उसके भांजे सचिन (32), वेद (37), गोल्ड़ी निवासी सतुआगढ़ी गांव, रिश्तेदार प्रदीप निवासी सोनीपत व निरंजन निवासी आगरा (यूपी) 7 नवंबर को कार में सवार होकर पलवल से सतुआगढ़ी गांव जा रहे थे। एनएच-19 पर बहरोला गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कार में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान सचिन व वेद की मौत हो गई। इसी प्रकार कुशलीपुर गांव निवासी रमेश ने कैंप थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि उसके चचेरा भाई नेत्रपाल (30) 5 नवंबर को बाइक पर सवार होकर पलवल से घर आ रहा था। गांव के समीप पीछे से आए तेज रफ्तार ऑटो ने नेत्रपाल की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। पीड़ित अपने भाई को उपचार के लिए लेकर सिविल अस्पताल पहुंचा। जहां चिकित्सकों ने नेत्रपाल को मृत घोषित कर दिया। इसी प्रकार पचनाका गांव निवासी इसराइल ने हथीन थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि उसका 14 वर्षीय पुत्र जबीर 7 नवंबर की शाम 4 बजे घर से खेतों पर पैदल आ रहा था। उसी दौरान गांव के समीप तेज रफ्तार से आई बाइक ने जबीर को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से लगी चोटों के कारण जबीर की मौत हो गई। थाना अंतर्गत गांव पचानका निवासी इसराइल की शिकायत पर हथीन थाना पुलिस ने एक अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ 279, 304 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अन्य मामलों में भी पुलिस ने पीड़ितों की शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गाली देने का विरोध करने पर चलाई गोली
पलवल। गाली देने का विरोध किया तो जान से मारने की नीयत से गोली चला दी गई। पुलिस जांच अधिकारी सतबीर के अनुसार रायदासका गांव निवासी राजेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसके परिवार की महिला दर्शन पत्नी प्रदीप 7 नवंबर को कूड़ा डालने गई थी। उसी दौरान गांव निवासी सुंदर आकर गाली-गलौच करने लगा और फायर कर दिया। दर्शन ने घर आकर जानकारी दी। इसी दौरान आरोपी सुंदर भी घर आ गया और पीड़ित के पुत्र सागर पर फायर कर दिया। जिसमें में वह बाल-बाल बच गया। एक घंटे बाद सतबीर खेतों पर गया तो सुंदर छाती पर कट्टा लगाकर जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद