जिले में एक रेप पीड़ित महिला न्याय के लिए दर-दर भटक रही है, लेकिन पीड़िता को कहीं न्याय नहीं मिल रहा है। जब उसे कहीं से भी न्याय मिलने की उम्मीद नजर नहीं आई तो सोमवार से वह महिला थाने के गेट पर धरने पर बैठ गई ।
पीड़ित महिला का कहना है कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह थाने के गेट पर ही आत्मदाह कर लेगी। आपको बता दें कि जिले के एक गांव में 15 मार्च को एक महिला खेतों पर काम करने के लिए गई थी। उस समय गांव के ही सुरेश नामक युवक ने महिला के अकेली होने का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला शोर न मचा पाए इसलिए आरोपी ने उसके मुंह में कपड़ा डाल दिया था। घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर वह फरार हो गया। महिला ने बताया कि जब वह आरोपी के घर शिकायत लेकर गई थी तो आरोपी के परिजनों ने उसके साथ मारपीट की और कहा कि अगर कहीं पर शिकायत की तो तुझे और तेरे परिवार को जान से मार देंगे। पीड़ित महिला ने बताया कि उसने घर आकर घटना के बारे में अपने पति को बताया और वह उसे लेकर महिला थाने में आया और आरोपी के खिलाफ शिकायत दी।
महिला का मेडिकल चेकअप कराया गया और कोर्ट में 164 बयान कराकर आरोपी के खिलाफ और उसके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। लेकिन 15 दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है जबकि आरोपी और उसके परिजन गांव में खुलेआम घूम रहे हैं। पीड़ित महिला ने बताया कि आरोपी और उसके परिजन उसे और उसके परिवार को बार-बार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं साथ ही राजीनामे का दबाव बना रहे हैं।
इस बारे में पुलिस के उच्च अधिकारियों को बताया गया लेकिन उसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस भी उसको राजीनामा करने की बात कह रही है। वहीं इस बारे में जिला पुलिस अधीक्षक सुलोचना गजराज का कहना है कि इस मामले में जांच कराई जा रही है नियमानुसार जो सच सामने आएगा उसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।