फाटक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक की मौत, एक घायल
पलवल। ट्रेन की चपेट में आने में बाइक सवार दो सगे भाइयों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों भाई दुकान से वापस लौट रहे थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने घायल को उपचार के लिए व शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पलवल के सिविल अस्पताल में भिजवाया। पुलिस ने मामले में किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।
जांच अधिकारी सुखपाल सिंह ने बताया कि उन्हें स्टेशन मास्टर द्वारा शुक्रवार की देर शाम सूचना प्राप्त हुई कि रसूलपुर फाटक के समीप ट्रेक पार करते समय ट्रेन की चपेट में दो व्यक्ति आ गए हैं। इनमें से एक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को उपचार के लिए व शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पलवल के सिविल अस्पताल में भिजवाया। जहां घायल व्यक्ति की हालत को गंभीर देखते हुए उसे आगे के लिए रेफर कर दिया गया। जांच अधिकारी के अनुसार मृतक की पहचान न्यू एक्सटेंशन कालोनी निवासी 40 वर्षीय अनिल व घायल की पहचान 45 वर्षीय सुनील के तौर पर हुई है। दोनों सगे भाई है और दोनों रसूलपुर फाटक पार बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान करते थे। शुक्रवार की शाम करीब 7 बजे दोनों भाई दुकान को बंद करके बाइक पर सवार होकर घर वापस लौट रहे थे। बाइक को अनिल चल रहा था। रसूलपुर फाटक के समीप ट्रेक पार करते समय ट्रैन की चपेट में आने से अनिल की मौके पर मौत हो गई। जबकि उसका भाई सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौप दिया। पुलिस ने मामले में किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नही की है।
मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति रेलवे लाइन पर लेटा, मौत
पलवल। गांव जनौली - असावटी फाटक के बीच शनिवार को एक मानसिक रूप विक्षिप्त व्यक्ति रेलवे ट्रेक पर लेट गया। जिससे उसकी मौत हो गई। जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया।
जांच अधिकारी एएसआई धनीराम ने बताया कि शुक्रवार की सुबह समय करीब साढ़े आठ बजे उन्हें स्टेशन मास्टर को सूचना मिली कि एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने गांव जनौली - असावटी फाटक के बीच चलती ट्रेन के आगे लेटकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया। मृतक की जेब से मिले कागजो के आधार पर मृतक की पहचान गांव मिंडकौला निवासी 50 वर्षीय बन्नूराम के तौर पर हुई है और मृतक मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। जिसके चलते मृतक 50 वर्षीय बन्नूराम ने चलती ट्रैन के आगे लेटकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शुक्रवार की दोपहर को शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले में किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।