पलवल। डॉक्टर साहब.. कोवाक्सिन की दूसरी डोज लगवाने के लिए शुक्रवार को मजदूरी नहीं की है। कृपया हमारी दूसरी डोज लगवा दो। हम रोजाना छुट्टी नहीं कर सकते हैं। इससे हमारी मजदूरी कटती है। इसके बाद डॉक्टर साहब जवाब देते हैं कि जब वैक्सीन आएगी, तब लगा देंगे। यह मामला था जिला नागरिक अस्पताल में जहां कोवाक्सिन खत्म होने के कारण दूसरी डोज लगवाने आ रहे लोगों को वापस लौटना पड़ा। बृहस्पतिवार से ही कोवाक्सिन खत्म है। इस कारण जिला नागरिक अस्पताल सहित सभी उपमंडल नागरिक अस्पतालों में वैक्सीन की डोज लेने आ रहे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जिले में जिन लोगों ने कोवाक्सिन की पहली डोज ली हुई है, अब उन्हें दूसरी डोज लगनी है। दोनों डोज न होने के कारण वे लोग कहीं बाहर भी नहीं जा पा रहे हैं। ऐसे में लोग दूसरी डोज लगवाने के लिए सरकारी अस्पतालों में पहुंच रहे हैं, लेकिन कोवाक्सिन न होने के कारण बिना वैक्सीन लगवाए ही वापस लौटना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से भी उन लोगों को संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है कि वैक्सीन कब आएगी।
गांव अगवानपुर में रहता हूं और पूरा परिवार मजदूरी करता है। शुक्रवार को हमने मजदूरी से छुट्टी ली, ताकि दूसरी डोज लग जाए, लेकिन जिला नागरिक अस्पताल में आने के बाद पता चला कि दूसरी डोज नहीं है। ऐसे में हमारा अस्पताल तक आने में जो खर्च हुआ, वह तो बेकार गया ही, साथ ही आज की पूरी मजदूरी भी नहीं मिली।
- शौहर अली
------
कोवाक्सिन की दूसरी डोज लगनी थी। जिला नागरिक अस्पताल में बृहस्पतिवार को भी आया था और फिर से आया हूं, लेकिन दूसरी डोज नहीं लग पाई है। पूछने पर कोई ठीक से यह नहीं बता रहा है कि वैक्सीन कब आएगी।
- मिंदर
कोवाक्सिन की अब दूसरी डोज लगवानी है। दो घंटे यहां बैठे हो गए, लेकिन कोई ठीक से नहीं बता रहा है। दूसरी डोज के बिना दिल्ली नहीं जा पा रहा हूं। बड़ी परेशानी हो रही है।
- मनवीर सिंह
----
कोवाक्सिन खत्म हो गई है। उसकी मांग भिजवा दी गई है। शाम तक वैक्सीन आ जाएगी। सरकार के पास ही नहीं है। कोवाक्सिन आते ही दूसरी डोज लगा दी जाएगी।
- योगेश मलिक, इंचार्ज कोरोना टीकाकरण