सर्दी का मौसम शुरू हो चुका है। वाहन चालकों को सावधान रहना होगा, क्योंकि आने वाले दिनों में धुंध व कोहरे का प्रकोप रहेगा। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित विभागों की कोई तैयारी नहीं है। कोहरे के कारण सड़क दुर्घटना होने का अंदेशा रहता है। सड़कों पर कहीं भी रिफ्लेक्टर नजर नहीं आ रहा है। स्टेट हाईवे तथा चौक-चौराहों के अलावा अन्य स्थानों पर सफेद पट्टी गायब है। स्टेट हाईवे पर एवं शहर की सड़कों में बने गड्ढे मौत को निमंत्रण दे रहे हैं। इसके अलावा शहर के महावीर चौक तथा हीरो होंडा चौक पर लगाई ट्रैफिक लाइटें भी खराब पड़ी हैं।
बता दें कि जिले में सर्दी ने दस्तक दे दी है। दिसंबर और जनवरी में धुंध पड़ सकती है। धुंध के दौरान हादसों की संख्या बढ़ जाती है, क्योंकि ऐसे में दृश्यता बहुत कम हो जाती है। ऐसे में गाड़ी चलाना बड़ा मुश्किल हो जाता है। वाहन चालक सफेद पट्टी, रिफ्लेक्टर के अनुसार ही गाड़ी चलाते हैं, ताकि दुर्घटना से बचा जा सके। लेकिन जिले की बहुत सी मुख्य सड़कों एवं लिंक रोडों पर सफेद पट्टी गायब है। मुख्य मार्गों तथा चौराहों पर भी सफेद पट्टी नहीं है। ट्रैफिक विभाग एवं प्रशासन रोड सेफ्टी को लेकर निरंतर अभियान तो चलाती है लेकिन स्वयं की तैयारियों एवं गलतियों को हमेशा नजरअंदाज रखती हैं। संवाद
शहर में ये दुर्घटना संभावित प्वाइंट
नीरपुर चौक, बाईपास, सैनी धर्मकांटा के पास, सिंघाणा बाईपास, सिंघाणा रोड नहर के पास, महेंद्रगढ़ रोड पर बाईपास, हुडा सेक्टर मोड़, कोर्ट मोड़ सहित अनेक दुर्घटना प्वाइंट हैं। इन प्वाइंटों पर कई बार सड़क हादसे हो चुके हैं। अक्तूबर माह में सिंघाणा रोड बाईपास पर राजस्थान रोडवेज का अचानक संतुलन बिगड़ गया था। इस वजह से बस पलट गई थी। इस हादसे में लगभग एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे।
कई दिनों से चौराहों की ट्रैफिक लाइटें खराब
बता दें कि शहर में हीरो होंडा चौक तथा महाबीर चौक पर ट्रैफिक लाइटें लगाई गई हैं। नगर परिषद की ओर से लगाई गई हजारों रुपये की ट्रैफिक लाइटें खराब पड़ी हैं। सबसे खास बात तो यह है कि काफी समय से खराब पड़ी लाइटों के बारे में नप के अधिकारियों को जानकारी तक नहीं है, जबकि नप के सभी अधिकारियों को महाबीर चौक से आवागमन रहता है। बहुत से अधिकारी एवं कर्मचारी स्थानीय हैं।
स्टेट हाईवे के गड्ढे दे रहे हादसों को निमंत्रण
महेंद्रगढ़-नारनौल स्टेट हाईवे जर्जर हो चुका है। हाईवे पर बने 20-20 फुट लंबे गड्ढे हादसों को निमंत्रण दे रहे हैं। मई में लगभग 3.98 करोड़ रुपये से इस रोड की मरम्मत की गई थी, लेकिन बारिश में इसकी हालात दोबारा से वैसी ही हो गई। इसके अलावा रेवाड़ी रोड की हालत भी खस्ता हो चुकी है। इस रोड पर भी जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। दोनों हाईवे पर प्रतिदिन 10 हजार से अधिक वाहनों का आवागमन होता है।
महाबीर चौक व होंडा चौक की लाल बत्ती कई दिनों से खराब हो रही है। जिसके चलते महाबीर चौक, होंडा चौक पर हमेशा पुलिस कर्मी की तैनाती की गई है। ताकि वाहन चालकों को परेशानी न हो। - सत्यनारायण शर्मा ट्रैफिक थाना प्रभारी
सर्दी का मौसम शुरू हुआ है। धुंध का मौसम आने से पहले रोड़ पर सफेद पट्टी व सांकेतिक बोर्ड का काम जल्द पूरा किया जाएगा ताकि धुंध के मौसम के समय वाहनों की दुर्घटना में कमी आ सके । वही रोड़ में बने गड्ढे भरने का काम भी जल्द पुरा किया जाएगा।
अश्वनी कुमार एक्शन पीडब्ल्यूडी
महाबीर चौक व होंडा चौक पर रेड लाइट खराब होने की सुचना आपके द्वारा मिली है जल्द ही रेड लाइट को ठीक करवाया जाएगा ताकि वाहन चालकों को परेशानी ना हो। -सुमनलता ईओ, नगर परिषद
रेवाडी रोड पर गंदा नाला के पास क्षतिग्रस्त सड़क । संवाद- फोटो : Narnol